Faridabad/Alive News: सेक्टर-8 स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सीही की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की छात्राओं ने नशे के खिलाफ जागरूकता रैली निकाली। भारत सरकार के 100 सप्ताह के ‘नशा मुक्त युवा अभियान’ के तहत विद्यालय में ‘नशा मुक्त युवा- विकसित भारत’ कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में फरीदाबाद पुलिस की नशा मुक्ति टीम और सेक्टर-8 पुलिस चौकी की टीम ने छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी। पुलिसकर्मियों ने बताया कि नशा युवाओं के भविष्य, स्वास्थ्य और परिवार को नुकसान पहुंचाता है। उन्होंने छात्राओं को नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई।
इसके बाद छात्राओं ने हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर सीही गांव में रैली निकाली। इस दौरान ‘नशा छोड़ो-जीवन जोड़ो’ और ‘नशा मुक्त फरीदाबाद’ के नारे लगाए गए।
कार्यक्रम का संचालन संत सिंह हुड्डा ने किया। विद्यालय प्रभारी कमलेश शर्मा और एनएसएस अधिकारी रोहित कुमार ने भी छात्राओं को नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों और विद्यालय के शिक्षकों ने सहयोग दिया।

