Faridabad/Alive News: पहले पैरों में हल्की कमजोरी महसूस हुई और कुछ ही घंटों में मरीज के दोनों हाथ और पैर भी काम करना बंद करने लगे। हालत ऐसी बिगड़ी कि न तो वह अपने पैरों पर खड़ा हो पा रहा था और न ही हाथों से कोई सामान पकड़ पा रहा था। धीरे-धीरे उसे निगलने और सांस लेने में भी परेशानी होने लगी। गिलियन-बैरे सिंड्रोम (जीबीएस) नाम की गंभीर न्यूरोलॉजिकल बीमारी के कारण मरीज की हालत इतनी बिगड़ गई कि उसे आईसीयू में भर्ती करना पड़ा। सेक्टर-88 स्थित यथार्थ हॉस्पिटल में करीब तीन सप्ताह तक चले इलाज और फिजियोथेरेपी के बाद मरीज की हालत में सुधार हुआ। अब वह दोबारा अपने पैरों पर चलने में सक्षम हो गया है।
कमजोरी पैरों से शुरू हुई, कुछ घंटों में हाथों तक पहुंची
अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, मरीज को शुरुआत में पैरों में हल्की कमजोरी महसूस हुई थी। लेकिन कुछ ही घंटों में यह कमजोरी तेजी से बढ़ने लगी और चारों हाथ-पैर प्रभावित हो गए। जांच में गिलियन-बैरे सिंड्रोम की पुष्टि होने के बाद मरीज को आईसीयू में भर्ती किया गया। बीमारी के बढ़ते असर के कारण उसे निगलने और सांस लेने में भी परेशानी होने लगी थी।
प्लाज्मा एक्सचेंज के छह सेशन और आईवीआईजी थेरेपी दी
न्यूरोलॉजी विभाग के चेयरमैन डॉ. कुणाल बहरानी ने बताया कि मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्लाज्मा एक्सचेंज के छह सेशन और आईवीआईजी थेरेपी दी गई। सांस लेने में परेशानी के कारण ऑक्सीजन सपोर्ट भी देना पड़ा। इसके साथ ही लगातार फिजियोथेरेपी और पुनर्वास की मदद से मांसपेशियों की ताकत वापस लाने का प्रयास किया गया।
तीन सप्ताह बाद दोबारा चलने लगा मरीज
डॉक्टरों के अनुसार, करीब तीन सप्ताह के इलाज के बाद मरीज की मांसपेशियों की ताकत में सुधार हुआ। अस्पताल से छुट्टी मिलने के समय उसके हाथ-पैरों की ताकत सामान्य हो गई थी और वह दोबारा चलने-फिरने में सक्षम था।
इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज
डॉक्टरों के अनुसार, जीबीएस में शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली गलती से नसों पर हमला करने लगती है। इसमें हाथ-पैरों में तेजी से कमजोरी, झनझनाहट और चलने में परेशानी हो सकती है। गंभीर स्थिति में निगलने और सांस लेने की क्षमता भी प्रभावित हो सकती है। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत अस्पताल पहुंचना चाहिए।

