Faridabad/Alive News: औद्योगिक नगरी में कूड़े का संकट लगातार गहराता जा रहा है। शहर से रोजाना 1200 टन से अधिक कूड़ा निकल रहा है, लेकिन नगर निगम इसका पूरा निस्तारण नहीं कर पा रहा है। प्रतापगढ़ और मुजेड़ी में मिलाकर करीब 300 टन कूड़े का ही रोजाना निस्तारण हो रहा है। ऐसे में बाकी कूड़ा शहर के अलग-अलग खत्तों और डंपिंग साइटों पर जमा हो रहा है। शहर में करीब 50 हजार टन कूड़ा अलग-अलग जगहों पर पड़ा है, जबकि प्रतापगढ़ में पहले से ही 70 हजार टन कूड़े का पहाड़ खड़ा है। भांकरी गांव में कूड़ा डालने पर हाईकोर्ट की रोक के बाद निगम के सामने नई जगह तलाशने की चुनौती खड़ी हो गई है। अब निगम ने मिर्जापुर गांव में जमीन चिन्हित की है। अगले सप्ताह से यहां कूड़ा डालने की तैयारी है, लेकिन इससे शहर में जमा कूड़े का संकट कितनी जल्दी खत्म होगा, यह अभी साफ नहीं है।
रोज 900 टन कूड़ा रह जा रहा जमा
नगर निगम के सामने सबसे बड़ी चुनौती रोजाना निकलने वाले कूड़े का निस्तारण करना है। शहर से प्रतिदिन 1200 टन से अधिक कूड़ा निकलता है, जबकि प्रतापगढ़ और मुजेड़ी में करीब 150-150 टन कूड़े का ही निस्तारण हो पा रहा है। इस तरह रोजाना करीब 900 टन कूड़ा निस्तारण से बाहर रह जाता है। लगातार जमा हो रहे कूड़े के कारण डंपिंग साइटों पर दबाव बढ़ता जा रहा है।
भांकरी में रोक के बाद मिर्जापुर पर उम्मीद
नगर निगम पहले भांकरी गांव में कूड़ा डाल रहा था, लेकिन ग्रामीणों ने इस मामले में हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट ने वन्यजीवों के लिए संरक्षित बताई गई जमीन पर कूड़ा डालने पर रोक लगा दी। इसके बाद निगम ने मिर्जापुर गांव में नई जमीन चिन्हित की है। यहां अगले सप्ताह से कूड़ा डालने की तैयारी की जा रही है। प्रतापगढ़ में 650 टन क्षमता का प्लांट लगने तक मिर्जापुर की जमीन को अस्थायी व्यवस्था के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा।
सड़क तक पहुंचा कूड़ा, लोगों की बढ़ी परेशानी
शहर में नगर निगम की ओर से 50 से अधिक खत्ते बनाए गए हैं, लेकिन नियमित उठान नहीं होने से कूड़ा अब खत्तों से बाहर सड़कों तक फैलने लगा है। इससे राहगीरों और आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी हो रही है। डंपिंग साइटों पर जगह की कमी के कारण कूड़े का उठान भी प्रभावित हो रहा है। निगम के सामने अब एक तरफ रोजाना निकलने वाले कूड़े का निस्तारण करने और दूसरी तरफ पहले से जमा कूड़े को हटाने की चुनौती है।
क्या कहना है अधिकारी का
प्रतापगढ़ में 650 टन क्षमता का प्लांट लगने तक मिर्जापुर गांव में कूड़ा डाला जाएगा। इसके लिए जमीन चिन्हित कर ली गई है। भांकरी गांव की जमीन पर हाईकोर्ट का स्टे लगने के बाद नई जगह तलाश की गई है। सड़क पर फैले कूड़े को भी जल्द हटाने का प्रयास किया जाएगा।
– यशेंद्र सिंह, आयुक्त, नगर निगम

