सऊदी अरब में बिना शादी बच्चे को जन्म देने के मामले में 40 वर्षीय केन्याई महिला एस्तेर वांजा मुथोनी को 100 कोड़े मारने और एक साल तक देश से बाहर रहने की सजा सुनाई गई है। मुथोनी अगस्त 2025 में सऊदी अरब में एक बेटे की मां बनी थीं। इसके बाद अस्पताल के कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया।
रियाद की एक अदालत ने अक्टूबर में उन्हें शादी के बाहर संबंध बनाने का दोषी ठहराया। मुथोनी पिछले करीब एक साल से अपने छोटे बेटे अबूडी के साथ केन्या लौटने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन कानूनी कार्रवाई के कारण ऐसा नहीं कर सकीं। फिलहाल कोड़े मारने की सजा दिए जाने की तारीख सामने नहीं आई है।
मिस्र के व्यक्ति से हुआ था प्रेम
मुथोनी सऊदी अरब में महारा ह्यूमन रिसोर्सेज कंपनी के माध्यम से घरेलू सहायिका का काम करती थीं। इसी दौरान उनकी मुलाकात मिस्र के नागरिक महमूद से हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। इसी रिश्ते से वह गर्भवती हुईं। बाद में महमूद सऊदी अरब छोड़कर चला गया।
अगस्त 2025 में मुथोनी ने कंपनी के स्टाफ आवास में बेटे को जन्म दिया। उनकी सुपरवाइजर उन्हें अस्पताल लेकर गईं, जहां कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दे दी। पूछताछ में मुथोनी ने बताया कि बच्चे का पिता देश छोड़ चुका है।
रिहाई के बाद उन्हें कंपनी के आवास में जगह नहीं मिली। एक शेल्टर होम ने भी उन्हें रखने से मना कर दिया। केन्या के दूतावास से भी उन्हें मदद नहीं मिल सकी। इसके बाद वह बेटे के साथ रियाद के एक पेट्रोल पंप पर रहने लगीं। वहां कई अन्य प्रवासी महिलाएं भी अपने बच्चों के साथ अपने देश लौटने का इंतजार कर रही थीं।
हर मामले में महिलाओं को नहीं मिलती सजा
न्यूयॉर्क टाइम्स की जांच के मुताबिक, सऊदी अरब में बिना शादी बच्चे को जन्म देने वाली कई महिलाओं को कानूनी कार्रवाई का सामना नहीं करना पड़ता। अखबार ने ऐसी महिलाओं से बातचीत की, जिन्होंने बताया कि उन्हें इस वजह से सजा नहीं मिली। मुथोनी के मामले में कार्रवाई क्यों हुई, यह स्पष्ट नहीं है। अदालत के फैसले में बच्चे के पिता के खिलाफ कार्रवाई का भी कोई उल्लेख नहीं है।
सऊदी अरब में बिना शादी जन्मे बच्चों को अक्सर जन्म प्रमाणपत्र मिलने में परेशानी होती है। इससे उनकी यात्रा और अपने देश लौटने की प्रक्रिया मुश्किल हो जाती है।
2020 में कुछ अपराधों से हटाई गई थी कोड़े मारने की सजा
सऊदी अरब की कानूनी व्यवस्था शरिया पर आधारित है। वहां शादी के बाहर शारीरिक संबंध बनाना अपराध माना जाता है। देश में लिखित आपराधिक कानून की व्यवस्था नहीं होने के कारण कई मामलों में जज शरिया की अपनी व्याख्या के आधार पर फैसला सुनाते हैं।
साल 2020 में सऊदी अरब ने कुछ अपराधों के लिए कोड़े मारने की सजा खत्म करने का फैसला किया था। हालांकि, यह बदलाव उन अपराधों पर लागू नहीं हुआ, जिनकी सजा शरिया के तहत तय मानी जाती है। इनमें शादी के बाहर शारीरिक संबंध और शराब पीने जैसे मामले शामिल हैं।
मुथोनी को सुनाई गई सजा भी शरिया की एक व्याख्या पर आधारित बताई गई है। सऊदी अरब में अदालतों के फैसले आमतौर पर सार्वजनिक नहीं किए जाते, इसलिए ऐसे मामलों में कोड़े मारने की सजा कितनी बार दी जाती है, इसका सटीक आंकड़ा उपलब्ध नहीं है।

