इंस्टाग्राम पर यूजर के सवाल का दिया जवाब; कहा- भाजपा चाहे तो अडानी और मोहन भागवत को भी जज बना सकती है
New Delhi/Alive News: कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमने-सामने सार्वजनिक बहस की चुनौती दी है। राहुल ने कहा कि वह किसी भी मंच पर प्रधानमंत्री के साथ बहस करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने दावा किया कि इस बहस के बाद नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री नहीं रह पाएंगे।
राहुल गांधी ने इंस्टाग्राम पर एक यूजर के सवाल का जवाब देते हुए यह बात कही। यूजर ने उनसे पूछा था कि भाजपा उन्हें संसद में बहस करने की चुनौती दे रही है। इस पर राहुल ने आरोप लगाया कि उन्होंने संसद में कई मुद्दों पर चर्चा करने की कोशिश की, लेकिन उन्हें बोलने का मौका नहीं दिया गया। उन्होंने यह भी दावा किया कि कई बार उनका माइक बंद कर दिया गया।
राहुल गांधी ने कहा कि उन्होंने किसान कानूनों, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर), चीन और पूर्व सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे की किताब से जुड़े मुद्दों पर बहस करने की कोशिश की, लेकिन उन्हें पर्याप्त अवसर नहीं मिला।
उन्होंने कहा कि वह प्रधानमंत्री मोदी के साथ वन-ऑन-वन बहस करना चाहते हैं। इसके लिए भाजपा अपनी पसंद के किसी भी व्यक्ति को निर्णायक बना सकती है। राहुल ने कहा कि भाजपा चाहे तो उद्योगपति गौतम अडानी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत को भी जज के रूप में बैठा सकती है। उन्होंने दोहराया कि वह बहस के लिए तैयार हैं।
यह पहली बार नहीं है जब राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री को सार्वजनिक बहस की चुनौती दी है। अप्रैल 2019 में लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने राफेल सौदे और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर 15 मिनट की बहस का प्रस्ताव दिया था।
मई 2024 में पूर्व न्यायाधीश मदन बी. लोकुर, अजित पी. शाह और वरिष्ठ पत्रकार एन. राम ने भी लोकसभा चुनाव के प्रमुख मुद्दों पर दोनों नेताओं को सार्वजनिक बहस के लिए आमंत्रित किया था। राहुल गांधी ने इस निमंत्रण को स्वीकार करते हुए प्रधानमंत्री मोदी को बहस का न्योता दिया था। (स्रोत:एजेंसी)

