भारत समेत अमेरिका और एशिया-पैसिफिक के कई देशों में यूजर्स परेशान; कंपनी ने कहा- साइबर अटैक की वजह से नहीं हुई तकनीकी गड़बड़ी
Microsoft Outage: माइक्रोसॉफ्ट की वैश्विक सर्विस में आई तकनीकी गड़बड़ी का असर 15 घंटे से ज्यादा समय बीतने के बाद भी जारी है। आउटलुक और माइक्रोसॉफ्ट टीम्स इस्तेमाल करने वाले यूजर्स को ईमेल अकाउंट में लॉगिन करने, मेल भेजने और प्राप्त करने में परेशानी हो रही है। भारत समेत अमेरिका और एशिया-पैसिफिक के कई देशों में इस आउटेज की शिकायतें सामने आई हैं।
इस तकनीकी समस्या का असर दूसरी सेवाओं पर भी पड़ा है। भारत में इंडिगो और अकासा एयर ने ईमेल सपोर्ट सेवाओं में परेशानी की जानकारी दी है। इससे यात्रियों और ग्राहकों को सहायता प्राप्त करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
माइक्रोसॉफ्ट के अनुसार, बड़ी संख्या में सर्वर अचानक उपलब्ध नहीं रहे। इसके कारण बाकी सर्वरों पर दबाव बढ़ गया और सेवाओं को बहाल करने की प्रक्रिया प्रभावित हुई। कंपनी की इंजीनियरिंग टीमें सिस्टम को स्थिर करने और सेवाएं सामान्य करने में जुटी हैं। उत्तरी अमेरिका में टीम्स की कुछ सेवाओं में आंशिक सुधार हुआ है, लेकिन कंपनी ने अभी पूर्ण बहाली की पुष्टि नहीं की है।
अमेरिका में आउटेज के दौरान डाउनडिटेक्टर पर आउटलुक से जुड़ी शिकायतें एक समय करीब 1.30 लाख तक पहुंच गई थीं। बाद में शिकायतों की संख्या घटी, लेकिन फिर इसमें बढ़ोतरी देखी गई।
माइक्रोसॉफ्ट ने स्पष्ट किया है कि उसे इस गड़बड़ी के पीछे किसी साइबर अटैक या दुर्भावनापूर्ण गतिविधि के संकेत नहीं मिले हैं। ऑस्ट्रेलिया के साइबर सुरक्षा मंत्री ने भी कहा कि कंपनी के मुताबिक यह साइबर हमला नहीं है। ऑस्ट्रेलिया, जापान और अमेरिका की कुछ सरकारी एजेंसियों पर भी इसका असर पड़ा है।
फिलहाल कंपनी ने सभी सेवाओं के पूरी तरह सामान्य होने का कोई निश्चित समय नहीं बताया है।
शेयर बाजार से लेकर सरकारी एजेंसियां तक प्रभावित
माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft) की सेवाओं में अचानक आई एक बड़ी तकनीकी खराबी ने दुनिया भर में हलचल मचा दी है। आउटलुक (Outlook) और माइक्रोसॉफ्ट 365 (Microsoft 365) जैसी अहम सेवाओं के ठप होने से आम उपयोगकर्ताओं के साथ-साथ फाइनेंशियल मार्केट और कई देशों के संवेदनशील सरकारी संस्थान भी इसकी चपेट में आ गए हैं।
शेयर बाजार के ट्रेडर्स परेशान, WhatsApp और फोन का सहारा
माइक्रोसॉफ्ट के इस आउटेज का असर अब वैश्विक वित्तीय बाजारों पर भी साफ दिखने लगा है। तकनीकी गड़बड़ी के कारण कई पोर्टफोलियो मैनेजर ईमेल-बेस्ड ऑथेंटिकेशन वाले ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर लॉगइन नहीं कर पा रहे हैं। ट्रेड कन्फर्मेशन में हो रही देरी के कारण लेनदेन की प्रक्रिया बाधित हो गई है। डिजिटल सिस्टम ठप होने के बाद अब ट्रेडर्स को पुराने तरीकों का रुख करना पड़ रहा है, और वे जरूरी ट्रांजैक्शन पूरे करने के लिए ईमेल के बजाय फोन कॉल और WhatsApp का इस्तेमाल कर रहे हैं। पहले से ही एनवीडिया (Nvidia) के संकट से जूझ रहे बाजारों के लिए यह आउटेज एक और बड़ी मुसीबत बन गया है।
ऑस्ट्रेलियाई खुफिया एजेंसी और पुलिस भी प्रभावित
माइक्रोसॉफ्ट की इस तकनीकी गड़बड़ी का दायरा काफी बड़ा रहा है। ऑस्ट्रेलिया की खुफिया एजेंसी और संघीय पुलिस का कामकाज भी इस आउटेज के कारण शुक्रवार को प्रभावित हुआ। इसके अलावा, जापान और अमेरिका की कई सरकारी एजेंसियों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इससे स्पष्ट होता है कि इस तकनीकी समस्या ने वैश्विक स्तर पर महत्वपूर्ण सरकारी और प्रशासनिक संचार तंत्र को भी डिगा दिया है।
साइबर हमले की आशंका खारिज, सफाई में क्या बोली कंपनी?
बढ़ती चिंताओं के बीच माइक्रोसॉफ्ट ने स्पष्ट किया है कि आउटलुक और अन्य सेवाओं में आए इस बड़े व्यवधान के पीछे किसी भी तरह की दुर्भावनापूर्ण गतिविधि या साइबर हमला नहीं है। कंपनी के अनुसार, सर्वर से जुड़ी एक तकनीकी गड़बड़ी की वजह से अचानक बड़ी संख्या में फ्रंटएंड सर्वर अनुपलब्ध हो गए, जिससे अन्य सर्वरों पर लोड बढ़ गया और सेवाएं बाधित हुईं। माइक्रोसॉफ्ट की इंजीनियरिंग टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और प्रभावित सेवाओं को जल्द से जल्द पूरी तरह बहाल करने के लिए जुटी हुई हैं।

