November 12, 2026

तंदूर में कोयला-लकड़ी जलाने पर रोक, अब गैस और बिजली से ही पकेंगे व्यंजन

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए प्रशासन ने होटल, रेस्टोरेंट और खुले भोजनालयों पर सख्ती करने की तैयारी की है। अब इन प्रतिष्ठानों में कोयले और लकड़ी से चलने वाले तंदूर का इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा। जिलाधीश आयुष सिन्हा ने सभी संबंधित प्रतिष्ठानों को केवल गैस, बिजली या अन्य अनुमोदित स्वच्छ ईंधन से चलने वाले उपकरणों का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए हैं। नियमों का उद्देश्य तंदूर से निकलने वाले धुएं और प्रदूषण को कम करना है।
प्रदूषण फैलाने वाले ईंधन पर सख्ती
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में वायु प्रदूषण की रोकथाम के लिए लागू ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप) के तहत यह निर्देश जारी किए गए हैं। इसके अनुसार होटल, रेस्टोरेंट और खुले भोजनालयों में कोयले और लकड़ी का इस्तेमाल प्रतिबंधित रहेगा। संचालकों को अपने यहां स्वच्छ ईंधन आधारित उपकरणों की व्यवस्था करनी होगी।
2023 से लागू है अनुमोदित ईंधन की व्यवस्था
हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने 21 जुलाई 2022 को आदेश जारी कर एनसीआर और गैर-एनसीआर क्षेत्रों के लिए अनुमोदित ईंधनों की सूची अपनाई थी। एनसीआर में यह व्यवस्था एक जनवरी 2023 से लागू है। प्रशासन ने अब इसके प्रभावी पालन पर जोर दिया है।
धुएं से स्वास्थ्य पर पड़ता है असर
जिलाधीश ने कहा कि पारंपरिक तंदूर में कोयला और लकड़ी जलाने से पार्टिकुलेट मैटर सहित कई हानिकारक प्रदूषक निकलते हैं। इससे हवा की गुणवत्ता खराब होती है और लोगों के स्वास्थ्य पर भी असर पड़ता है। ऐसे में सभी प्रतिष्ठानों को निर्देशों का पालन करना होगा।