November 12, 2026

प्रशासन के दावों और जमीनी हकीकत पर फोकस

Faridabad/Alive News: शहर को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए नगर निगम की ओर से किए जा रहे इंतजामों के दावे जमीनी स्तर पर बेअसर नजर आ रहे हैं। बल्लभगढ़ की कॉलोनियों से लेकर नेशनल हाईवे तक सड़कों पर धूल की मोटी परत जमा है। वाहनों के गुजरते ही यह धूल हवा में फैल जाती है। निगम का दावा है कि शहर में अलग-अलग जगहों पर 11 स्वीपिंग मशीनें लगाई गई हैं, लेकिन कॉलोनियों में इन मशीनों की आवाजाही नजर नहीं आ रही है।
नेशनल हाईवे के किनारे भी धूल जमा है। इसके अलावा निर्माण कार्य के दौरान खोदी गई मिट्टी भी सड़क किनारे डाली गई है। वाहनों की आवाजाही से मिट्टी और धूल हवा में फैल रही है। इसका असर आसपास रहने वाले लोगों पर पड़ रहा है।
ट्रैफिक जाम और गड्ढे भी बढ़ा रहे प्रदूषण
बल्लभगढ़-सोहना फ्लाईओवर पर कई जगह सड़क में गड्ढे बने हुए हैं। फ्लाईओवर पर केवल एक लेन से यातायात संचालित होने के कारण सुबह और शाम के समय लंबा जाम लग जाता है। इस दौरान वाहनों से निकलने वाला धुआं और सड़क पर जमा धूल प्रदूषण को और बढ़ा रहे हैं।
गुरुवार को बल्लभगढ़ में पीएम-10 का स्तर 321 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया। वहीं, बादशाह खान नागरिक अस्पताल में प्रदूषण से जुड़ी समस्याओं के मरीजों की संख्या बढ़कर करीब 800 तक पहुंच गई है। अस्पताल की ओपीडी में कुल मरीजों का आंकड़ा 1700 तक पहुंच चुका है।