November 12, 2026

फरीदाबाद में महिला से छेड़छाड़ का विरोध करने पर परिवार से मारपीट, पिस्टल दिखाकर दी जान से मारने की धमकी

A man allegedly waving a pistol during a dispute outside a family's house in Faridabad.

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के भूपानी थाना क्षेत्र में पति और भांजी के साथ टहलने निकली महिला से छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। महिला का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने पहले रास्ते में बदसलूकी की और फिर रात को साथियों के साथ उसके घर में घुसकर परिवार के सदस्यों से मारपीट की। बीच-बचाव करने आए महिला के देवर को भी पीटा गया। आरोपियों ने पिस्टल दिखाकर परिवार को जान से मारने की धमकी दी।

महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 10 नवंबर की शाम वह अपने दिव्यांग पति और भांजी के साथ गली में टहल रही थी। इसी दौरान मोहल्ले के नवाब ने उस पर अभद्र टिप्पणी की। विरोध करने पर वह झगड़ा करने लगा। महिला के अनुसार, इससे पहले बिजली की केबल जोड़ने को लेकर भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। गांव के लोगों ने हस्तक्षेप कर उस समय समझौता करा दिया था।

महिला का आरोप है कि रात करीब नौ बजे नवाब, उसका भतीजा शोएब और उनके साथी घर में घुस आए। उन्होंने परिवार के साथ मारपीट की। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और बीच-बचाव किया। इस दौरान एक युवक पिस्टल लहराते हुए धमकी देता दिखाई दिया। घटना का वीडियो भी परिवार ने पुलिस को सौंपा है।

पुलिस प्रवक्ता यशपाल के मुताबिक, शिकायत के आधार पर तीन नामजद आरोपियों और करीब 20 अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। जांच क्राइम ब्रांच को सौंपी गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।