November 10, 2026

एनआईटी जोन में पुलिस की पाठशाला के तहत चलाया जागरूकता अभियान

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की सामुदायिक पुलिसिंग सेल ने 10 नवंबर को एनआईटी जोन में पुलिस की पाठशाला के तहत जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस टीम ने घर-घर जाकर लोगों को नशे के दुष्प्रभाव, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और यातायात नियमों के बारे में जानकारी दी। अभियान का उद्देश्य लोगों को अपराधों के प्रति सतर्क करना और सुरक्षा से जुड़े जरूरी उपायों के बारे में जागरूक करना रहा।

अभियान के दौरान महिलाओं को आपात स्थिति में पुलिस की मदद लेने के लिए डायल-112 और दुर्गा शक्ति ऐप की जानकारी दी गई। पुलिसकर्मियों ने बताया कि किसी भी तरह की परेशानी या खतरे की स्थिति में इन सुविधाओं के जरिए तुरंत पुलिस से संपर्क किया जा सकता है। इसके साथ ही लोगों को साइबर ठगी से बचने के तरीके बताए गए और अनजान कॉल, मैसेज तथा संदिग्ध लिंक से सावधान रहने की सलाह दी गई। लोगों को नशे से दूर रहने और इसके दुष्प्रभावों के बारे में भी समझाया गया।

वहीं, युवाओं को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए बाइक और अन्य वाहनों से सार्वजनिक स्थानों पर खतरनाक स्टंट नहीं करने की हिदायत दी गई। पुलिस ने बताया कि सड़क पर इस तरह की लापरवाही से न केवल वाहन चालक, बल्कि दूसरे राहगीरों की जान भी खतरे में पड़ सकती है। पुलिस टीम ने युवाओं के साथ अभिभावकों से भी यातायात नियमों का पालन करने और बच्चों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की।