Faridabad/Alive News: जिला नागरिक अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में मरीजों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अस्पताल में इलाज कराने आने वाले मरीजों के साथ उनके परिजनों को भी अब वार्ड में बाहरी लोगों की आवाजाही से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार सुबह एक नशे में धुत युवक बिना किसी ओपीडी पर्ची के वार्ड में पहुंच गया और कई घंटे तक मरीजों के बीच बेड पर पड़ा रहा। इस दौरान उसने महिला मरीजों के साथ अभद्र व्यवहार किया। परिजनों की ओर से शिकायत किए जाने के बावजूद उसे तुरंत वार्ड से बाहर नहीं निकाला जा सका। घटना का वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
महिला मरीज से सिर दबाने को कहा
जानकारी के अनुसार, युवक ने वार्ड में भर्ती एक महिला मरीज से सिर दर्द होने की बात कहकर सिर दबाने को कहा। आरोप है कि उसने महिला का खाना भी झूठा कर दिया। उसकी हरकतों से परेशान महिला के पति ने अस्पताल कर्मचारियों से शिकायत कर उसे वार्ड से बाहर निकालने की मांग की।
कर्मचारी के प्रयास के बाद भी नहीं उठा युवक
शिकायत मिलने पर अस्पताल का एक कर्मचारी डंडा लेकर वार्ड नंबर-39 में पहुंचा। उसने युवक को उठाने का प्रयास किया, लेकिन वह कुछ देर आंखें खोलने के बाद दोबारा सो जाता था। कई घंटे तक उसकी यही स्थिति बनी रही। बाद में कर्मचारी उसे दूसरे वार्ड में ले गए। बताया गया कि युवक करीब पांच से छह घंटे तक अस्पताल में रहा। उसका अस्पताल में कोई रिकॉर्ड नहीं मिला और कुछ समय बाद वह खुद ही वहां से चला गया।
सीएमओ बोले- जानकारी नहीं
सीएमओ डॉ. जयंत आहूजा ने बताया कि उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं है।

