Faridabad/Alive News: खरीदारी और रिफंड के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ फरीदाबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने खाना ऑर्डर के पैसे रिफंड कराने के बहाने एक युवती का मोबाइल हैक कर 12.50 लाख रुपये ठगने के मामले में पंजाब के पटियाला से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सेक्टर-15ए निवासी युवती ने 27 सितंबर को गूगल से कस्टमर केयर नंबर तलाशकर संपर्क किया था। कथित प्रतिनिधियों ने रिफंड का झांसा देकर उसका फोन हैक कर लिया और खाते से 12.50 लाख रुपये उड़ा लिए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पटियाला निवासी अमरिंद्र, महेश, रोहित और टोनी को दबोच लिया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी टेलीग्राम से अमेजन गिफ्ट वाउचर खरीदकर ब्लिंकिट के जरिए सामान मंगाते और उसे कम कीमत पर बेचकर रकम खपाते थे। पुलिस ने तीन मोबाइल फोन बरामद करने के साथ ही 7.50 लाख रुपये फ्रीज और 5 लाख रुपये की रिकवरी कर ली है।

