November 10, 2026

फरीदाबाद में 80% भुगतान के बाद भी नहीं मिले फ्लैट, दूसरे खरीदारों को बेचने का आरोप; कंपनी पर FIR दर्ज

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के सेक्टर-45 स्थित सरवोम (Sarvome) प्रोजेक्ट में फ्लैट खरीदारों के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि कंपनी ने तीन फ्लैटों की कुल कीमत का 80 प्रतिशत से अधिक भुगतान लेने के बावजूद खरीदारों का आवंटन रद्द कर दिया। इसके बाद वर्ष 2024 में वही फ्लैट दूसरे लोगों को बेच दिए गए।

इस मामले में राजीव नाथवानी, हरि राम और गौरव नाथवानी ने पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कंपनी जिंदल स्टील (इंफ्रास्ट्रक्चर) लिमिटेड के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि संबंधित फ्लैट ICICI बैंक के पास गिरवी रखे गए थे। इसके बावजूद कंपनी ने कथित तौर पर उन्हें दूसरे खरीदारों को बेच दिया। आर्थिक अपराध शाखा (EOW) की जांच और कानूनी राय लेने के बाद सूरजकुंड थाने में मामला दर्ज किया गया है।

2023-24 में जमा कराई थी 80% से ज्यादा रकम

शिकायतकर्ताओं के मुताबिक, उन्हें सेक्टर-45 स्थित सरवोम प्रोजेक्ट में दो कमरों वाले फ्लैट आवंटित किए गए थे। इसके लिए उन्होंने वर्ष 2023-24 में फ्लैटों की कुल कीमत का 80 प्रतिशत से अधिक भुगतान कर दिया था।

आरोप है कि कंपनी ने वर्ष 2024 में उनका आवंटन रद्द कर दिया और वही फ्लैट दूसरे खरीदारों को बेच दिए। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि उस समय प्रोजेक्ट का निर्माण भी पूरा नहीं हुआ था, जबकि कंपनी ने वर्ष 2024 तक निर्माण पूरा करने का भरोसा दिया था।

ICICI बैंक के पास भी गिरवी रखने का आरोप

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि संबंधित फ्लैट ICICI बैंक के पास गिरवी रखे गए थे। इसके बावजूद कंपनी ने कथित तौर पर उन्हें दूसरे लोगों को बेच दिया। शिकायतकर्ताओं ने पुलिस कमिश्नर से कंपनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की थी।

EOW की जांच के बाद सूरजकुंड थाने में केस

पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि सितंबर 2026 में जनसुनवाई के माध्यम से शिकायत पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंची थी। इसके बाद शिकायत को जांच के लिए आर्थिक अपराध शाखा (EOW), NIT फरीदाबाद भेजा गया।

जांच के दौरान सहायक जिला न्यायवादी (ADA) से कानूनी राय ली गई। इसके बाद कंपनी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 316(2) के तहत सूरजकुंड थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।