November 9, 2026

सेक्टर-17 में घर से चोरी करने वाला घरेलू नौकर बिहार से गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के सेक्टर-17 में घर से आभूषण और कीमती सामान चोरी करने के मामले में अपराध शाखा सेक्टर-16 की टीम ने घरेलू नौकर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राकेश निवासी हनुमान नगर, मधुबनी, बिहार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चांदी का लोटा और एप्पल वॉच बरामद की है। उसे ट्रांजिट रिमांड पर फरीदाबाद लाया जा रहा है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सेक्टर-17 निवासी मयंक जैन ने शिकायत दी थी कि उन्होंने राकेश को घरेलू काम के लिए रखा था। 31 अक्टूबर की रात आरोपी अपने भाई के लापता होने की बात कहकर घर से चला गया। अगले दिन घर से सोने का कड़ा, चांदी का लोटा, दो चांदी के गिलास और एप्पल वॉच गायब मिले। इसके बाद थाना सेक्टर-17 में मामला दर्ज किया गया।

जांच में पता चला कि आरोपी करीब तीन महीने से घर में काम कर रहा था। पुलिस ने उसे उसके गांव से गिरफ्तार किया है। आरोपी को 10 नवंबर को अदालत में पेश किया जाएगा।