November 7, 2026

टेक महिंद्रा के एशिया हेड की 9 गोलियां मारकर हत्या: पार्किंग विवाद में पड़ोसी पर फायरिंग का आरोप

Faridabad/Alive News: सेक्टर-21सी में पार्किंग विवाद को लेकर टेक महिंद्रा के एशिया हेड परमजीत धनखड़ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि उनके पड़ोसी मोनू शर्मा ने शुक्रवार रात अपनी लाइसेंसी पिस्टल से करीब 15 राउंड फायरिंग की। परमजीत को 9 गोलियां लगीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, दोनों परिवारों के बीच गाड़ी खड़ी करने और पार्किंग में कुत्ते को शौच कराने को लेकर विवाद चल रहा था। शुक्रवार रात परमजीत जिम से लौटे तो उन्होंने अपनी निर्धारित पार्किंग में खड़ी पड़ोसी की गाड़ी हटाने को कहा। इसी बात पर विवाद बढ़ गया और आरोपी ने उन पर गोलियां चला दीं।

परमजीत का परिवार सेक्टर-21सी की बिल्डिंग नंबर 641 की पहली मंजिल पर रहता है, जबकि आरोपी का परिवार तीसरी मंजिल पर रहता है। थाना प्रभारी प्रह्लाद के अनुसार, घटना से चार-पांच दिन पहले भी आरोपी और परमजीत के बेटे शौर्य के बीच झगड़ा हुआ था, लेकिन उस समय मामला सुलझ गया था।

वारदात के बाद आरोपी अपने परिवार के साथ फरार हो गया। बेटे शौर्य की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से कारतूसों के खोल बरामद किए। पुलिस ने शौर्य की शिकायत पर मोनू शर्मा उर्फ मोहन, उसकी पत्नी दिव्या, बेटे मयंक, बेटी नैना और भाई हेतराम के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया है।

परमजीत धनखड़ सिंगापुर में रहते थे और 5 नवंबर को भारत आए थे। उन्हें 24 नवंबर को अपने भांजे की शादी में शामिल होना था। शादी में शामिल होने से पहले ही उनकी हत्या कर दी गई। पुलिस मामले की जांच कर आरोपियों की तलाश कर रही है।