Faridabad/Alive News: सेक्टर-58 में 100 रुपये की चाट उधार न देने पर विवाद हो गया। आरोप है कि चाट उधार मांगने आए युवक ने रेहड़ी संचालक को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद परिवार के लोग बीच-बचाव करने पहुंचे तो युवक ने अपने भाई और पिता के साथ मिलकर उन पर हमला कर दिया। हमले में रेहड़ी संचालक समेत चार लोग घायल हो गए। एक युवक का कान कट गया, जबकि दूसरे के हाथ में फ्रैक्चर आया है।
गांव झाड़सेंतली निवासी रूपचंद (35) सेक्टर-58 में आलू-चाट की रेहड़ी लगाता है। घटना रात करीब 9 बजे की है। रूपचंद अपनी रेहड़ी पर मौजूद था। इसी दौरान पास में चिकन की दुकान लगाने वाला जयवीर उसके पास आया और 100 रुपये की चाट उधार मांगने लगा। रूपचंद ने उधार देने से मना कर दिया, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
थप्पड़ मारने के बाद बुलाए परिवार के सदस्य
रूपचंद के भाई मनीष के अनुसार, उधार देने से मना करने पर जयवीर ने रूपचंद को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद मनीष और परिवार के सदस्य गेंदाराम बीच-बचाव करने पहुंचे। आरोप है कि जयवीर ने अपने भाई रवि और पिता सतबीर को भी मौके पर बुला लिया। इसके बाद तीनों ने परिवार के लोगों पर हमला कर दिया।
गंडासे और चाकू से किए वार, 4 लोग घायल
मनीष का आरोप है कि हमलावरों ने गंडासे और चाकू से वार किए। हमले में गेंदाराम के सिर में चोट आई, जबकि रोहित का कान कट गया। मनीष के हाथ में फ्रैक्चर हुआ है। इस हमले में कुल चार लोग घायल हुए।
सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। गेंदाराम और रोहित का इलाज जारी है, जबकि अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
थाना सेक्टर-58 के प्रभारी केवल सिंह ने बताया कि मामले में शिकायत मिली है। पुलिस शिकायत के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

