November 6, 2026

फरीदाबाद के एनआईटी में महिला से सोने की चेन छीनने वाले 2 झपटमार गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस द्वारा झपटमारों और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 की टीम को बड़ी सफलता मिली है।

पुलिस टीम ने एनआईटी क्षेत्र में एक महिला से सोने की चेन झपटने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान नरेंद्र निवासी अंबेडकर नगर, दिल्ली और प्रिंस निवासी कालिंदी कुंज, दिल्ली के रूप में हुई है।​

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 26 अक्टूबर 2026 को एनआईटी निवासी एक महिला के घर के बाहर से बाइक सवार दो युवकों ने गले से सोने की चेन झपट ली थी। जांच में सामने आया कि दोनों आरोपियों की मुलाकात तिहाड़ जेल में हुई थी, जिनमें से नरेंद्र पर पहले से झपटमारी और लूट के कई मामले दर्ज हैं। वारदात के समय प्रिंस बाइक चला रहा था, जबकि नरेंद्र ने चेन झपटी थी।

पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी प्रिंस से वारदात में इस्तेमाल बाइक और सोने की चेन पहले ही बरामद की जा चुकी है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।