Faridabad/Alive News: क्राईम ब्रांच एनआईटी की टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दुकान से आई-फोन चोरी करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी लवीश कुमार निवासी भारत कॉलोनी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता से मिली जानकारी के अनुसार, संतनगर निवासी शिकायतकर्ता इरशाद ने थाना एनआईटी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 25 अक्टूबर की रात को एक युवक उनकी दुकान पर आई-फोन देखने आया था। इस दौरान मौका पाकर और भीड़ का फायदा उठाकर आरोपी दुकान से आई-फोन चुराकर फरार हो गया। शिकायत के आधार पर थाना एनआईटी में चोरी की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
मामले की जांच कर रही क्राईम ब्रांच एनआईटी की टीम ने गुप्त सूचना और तकनीकी सहायता के आधार पर आरोपी लवीश कुमार को काबू कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसे आई-फोन रखने का काफी शौक था, जिसे पूरा करने के लिए उसने वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया आई-फोन सफलतापूर्वक बरामद कर लिया है। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर कानून के नियमानुसार आगामी कार्रवाई की गई।

