Faridabad/Alive News देशों की सीमाएं अलग हो सकती हैं, लेकिन बच्चों के बीच दोस्ती और अपनापन किसी सीमा में नहीं बंधता। इसका उदाहरण शनिवार को फरीदाबाद में देखने को मिला। कैलिफोर्निया के आर्कबिशप मिटी हाई स्कूल के 25 छात्र लगातार तीसरी बार यहां पहुंचे। उन्होंने एनजीओ ‘द राइजिंग तमसो मा ज्योतिर्गमय’ के वंचित वर्ग के बच्चों के साथ पूरा दिन बिताया। इस दौरान अमेरिकी छात्रों ने बच्चों का हाथ थामकर उन्हें राष्ट्रीय रेल संग्रहालय की सैर कराई।
इस मुलाकात को खास बनाने के लिए एनजीओ के बच्चों ने अपने हाथों से ग्रीटिंग कार्ड तैयार किए थे। संग्रहालय पहुंचने पर उन्होंने ये कार्ड अमेरिकी छात्रों को भेंट किए। इसके बाद सभी ने साथ मिलकर संग्रहालय देखा। बच्चों ने झूलों और टॉय ट्रेन की सवारी का आनंद लिया। अमेरिकी छात्रों ने भी बच्चों के साथ घुल-मिलकर समय बिताया।
इस कार्यक्रम में 12वीं कक्षा के छात्रों के साथ उनके पांच शिक्षक भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का समन्वय सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल की आठवीं कक्षा की छात्रा राहदिखा शर्मा ने किया। वह पिछले आठ वर्षों से एनजीओ से जुड़ी हैं। उनकी सहपाठियों शानवी, परीशा और सानवी ने भी सहयोग किया।
एनजीओ के संस्थापक अध्यक्ष तरुण शर्मा और संस्थापक सदस्य रविन्द्र कुमार मनचंदा ने मेहमानों का आभार जताया और उन्हें प्रशंसा प्रमाणपत्र दिए। उन्होंने बताया कि एनजीओ के बच्चे इस दिन का पूरे साल इंतजार करते हैं। यह मुलाकात बच्चों के बीच प्रेम, दोस्ती और भाईचारे का संदेश दे गई।
अमेरिकी छात्रों और वंचित बच्चों के बीच दिखा दोस्ती का रिश्ता

