October 30, 2026

फरीदाबाद: दिवाली से पहले बल्लभगढ़ जॉन के थानों में विशेष सफाई अभियान, 486 केस प्रॉपर्टीज नष्ट

फरीदाबाद में बल्लभगढ़ जॉन के थानों की केस प्रॉपर्टी को नष्ट करते अधिकारी।

Faridabad/Alive News: आगामी त्योहारों के मद्देनजर फरीदाबाद पुलिस ने विशेष सफाई अभियान के तहत बल्लभगढ़ जॉन के थानों में साफ-सफाई कराई और वर्षों से लंबित पड़े मामलों की सामग्री को नष्ट किया। पुलिस उपायुक्त (बल्लभगढ़) प्रतीक अग्रवाल के निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को विभिन्न थानों की कुल 486 केस प्रॉपर्टीज को नियमानुसार नष्ट किया गया।

सहायक पुलिस आयुक्त तिगांव अशोक कुमार और तहसीलदार बल्लभगढ़ धर्मवीर वर्मा की देखरेख में जसाना स्थित ‘गोल्डन ईगल वेस्ट मैनेजमेंट कंपनी’ में इन सभी 486 मदों को आग के हवाले कर नष्ट किया गया।

नष्ट की गई केस प्रॉपर्टीज में थाना शहर बल्लभगढ़ की 100, सदर बल्लभगढ़ की 105, सेक्टर-8 की 76, आदर्श नगर की 100, तिगांव की 56 और छायंसा थाने की 49 विसरा की मदें शामिल हैं। इस कार्रवाई से थानों में जगह खाली होने के साथ-साथ लंबित मुकदमों के निस्तारण में भी तेजी आई है।