October 29, 2026

कांग्रेस प्रभारी और प्रदेशाध्यक्ष ने ली कांग्रेस नेताओं की बैठक, 1 नवंबर की महारैली को लेकर सौंपी जिम्मेदारी

फरीदाबाद में कांग्रेस नेताओं द्वारा आयोजित बैठक का दृश्य

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के सर्किट हाउस में बृहस्पतिवार को हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त और प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में जिला कांग्रेस कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली को ऐतिहासिक बनाना था। बैठक में फरीदाबाद के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से भारी संख्या में लोगों को दिल्ली ले जाने की जिम्मेदारी कांग्रेसी नेताओं को सौंपी गई।

जिलाध्यक्ष बलजीत कौशिक की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में संजय दत्त ने आरोप लगाया कि भाजपा ने साजिश और काले धन के दम पर वोट चोरी कर हरियाणा में सत्ता हासिल की है, जिसके खिलाफ कांग्रेस का देशव्यापी आंदोलन जारी रहेगा। वहीं, प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए दावा किया कि इस महारैली में हरियाणा की जनता सारे पुराने रिकॉर्ड तोड़ देगी। बैठक में नीरज शर्मा, कृष्णा तीरथ, रोहित नागर सहित सैकड़ों पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।