Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में फाउंडेशन अगेंस्ट थैलेसीमिया (रजि.) संस्था के पास थैलेसीमिया से पीड़ित दो नए बच्चों का पंजीकरण हुआ है, जिनमें से एक बच्चा अनाथ है। संगठन ने इस अनाथ बच्चे को तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की है और भविष्य में भी हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है।
संगठन के महासचिव रविंद्र डुडेजा ने इस स्थिति को चिंताजनक बताते हुए कहा कि आज भी थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों का जन्म हमारी जागरूकता व्यवस्था और सरकारी प्रयासों की कमियों को उजागर करता है। उन्होंने बताया कि थैलेसीमिया एक आनुवंशिक रक्त विकार है, जिसके उपचार के लिए बच्चों को जीवनभर नियमित रक्त और महंगे इलाज की आवश्यकता होती है। पिछले 31 वर्षों से थैलेसीमिया पीड़ितों की सेवा में जुटे इस संगठन ने विवाह पंजीकरण के समय कैरियर जांच अनिवार्य करने, हर गर्भवती महिला की जांच सुनिश्चित करने और देशव्यापी जागरूकता अभियान चलाने की प्रमुख मांग उठाई है।
डुडेजा ने कहा कि ‘थैलेसीमिया-मुक्त भारत’ के लक्ष्य को वास्तविकता में बदलने के लिए सरकार, चिकित्सा संस्थानों और आम नागरिकों को मिलकर समयबद्ध कार्ययोजना पर काम करना होगा, ताकि और अधिक बच्चों को इस बीमारी के साथ जीवन जीने से बचाया जा सके।

