Faridabad/Alive News: शहर में बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) के पहले चरण की पाबंदियां लागू कर दी हैं। इसके तहत विभाग ने नियमों का पालन नहीं करने पर 25 निर्माण स्थलों को नोटिस जारी किए हैं। इन स्थलों पर निर्माण सामग्री खुले में पड़ी मिली और उसे ढकने की व्यवस्था नहीं थी। धूल उड़ने से रोकने के लिए पानी के छिड़काव सहित अन्य जरूरी इंतजाम भी नहीं मिले।
शहर में प्रदूषण की स्थिति का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि सोमवार को पीएम-10 का स्तर 117 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया। ऐसे में निर्माण स्थलों से उड़ने वाली धूल हवा की गुणवत्ता को और खराब कर सकती है। GRAP के तहत निर्माण गतिविधियों के दौरान धूल को नियंत्रित करने के लिए जरूरी उपाय करना अनिवार्य है।
चार एंटी स्मॉग गन से पानी का छिड़काव शुरू
GRAP लागू होने के बाद नगर निगम ने चार एंटी स्मॉग गन की मदद से पानी का छिड़काव शुरू किया है। हालांकि, निर्माण स्थलों पर नियमों के पालन की निगरानी और खुले में कचरा जलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
आमतौर पर अक्टूबर के अंतिम दिनों में तापमान गिरने और ठंड शुरू होने के साथ प्रदूषण बढ़ने लगता है। ऐसे में निर्माण गतिविधियों पर नियंत्रण की जरूरत भी बढ़ जाती है। इसके बावजूद शहर के कई हिस्सों में निर्माण कार्य जारी हैं।
कचरा जलाने वालों पर कार्रवाई का इंतजार
शहर में सड़कों के किनारे जमा कचरे में आग लगाने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। कचरे को उठाने के बजाय उसे जलाने से निकलने वाला धुआं प्रदूषण बढ़ा रहा है। इसके बावजूद नगर निगम ने पिछले एक महीने में कचरा जलाने के मामलों में कोई चालान नहीं किया है।
नियमों का पालन नहीं करने वालों पर होगी कार्रवाई
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, बल्लभगढ़ के क्षेत्रीय अधिकारी हरीश कुमार के मुताबिक, विभाग की टीमें लगातार निर्माण स्थलों का निरीक्षण कर रही हैं। नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। संबंधित पक्षों को नोटिस जारी किए गए हैं। साथ ही, नगर निगम से प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए जरूरी इंतजाम करने को कहा गया है।

