October 27, 2026

बल्लभगढ़ में खाद्य सुरक्षा विभाग की रेड, 250 किलो संदिग्ध पनीर जब्त

Faridabad/Alive News: त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मंगलवार को बल्लभगढ़ अनाज मंडी में छापेमारी की। इस दौरान जेके पनीर नामक प्रतिष्ठान से करीब 250 किलो संदिग्ध पनीर जब्त किया गया। विभाग की ओर से जब्त पनीर को नष्ट करने की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान तेज

खाद्य सुरक्षा विभाग के डॉ. पुनीत ने बताया कि त्योहारी सीजन में मिठाई, दूध, पनीर और अन्य खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका को देखते हुए विभाग की टीमें लगातार जांच अभियान चला रही हैं। इसी अभियान के तहत मंगलवार को बल्लभगढ़ अनाज मंडी में दुकानों पर छापेमारी कर खाद्य पदार्थों की जांच की गई। इस दौरान जेके पनीर से करीब 250 किलो संदिग्ध पनीर बरामद हुआ।

लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना उद्देश्य

खाद्य सुरक्षा विभाग का उद्देश्य बाजार में मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाना और लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारी सीजन के दौरान मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।