October 27, 2026

20 नवंबर के बाद भाखरी से हटाया जाएगा कूड़ा: केंद्रीय राज्य मंत्री का दावा, सर्किट हाउस में हुई बैठक

Faridabad/Alive News: अरावली क्षेत्र के गांव भाखरी में डंपिंग यार्ड बनाए जाने के विरोध के बीच मंगलवार को सेक्टर-16 स्थित सर्किट हाउस में बैठक हुई। केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में भाजपा विधायक धनेश अदलखा, सतीश फागना, नगर निगम आयुक्त यशेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने दावा किया कि 20 नवंबर के बाद भाखरी से कूड़ा हटाने का काम शुरू हो जाएगा। इसके लिए शहर में कूड़ा निस्तारण की क्षमता बढ़ाने और बड़े कलेक्शन पॉइंट पर मशीनें लगाने की योजना बनाई जा रही है।

7 अक्टूबर से विरोध कर रहे ग्रामीण

अरावली क्षेत्र के गांव भाखरी में नगर निगम ने शहर का कूड़ा डालने के लिए डंपिंग यार्ड बनाने की योजना तैयार की थी। यहां कूड़ा डालना शुरू होने के बाद स्थानीय लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि कूड़े के ढेर से पर्यावरण प्रदूषित होगा और अरावली की प्राकृतिक हरियाली को नुकसान पहुंचेगा। इसी के चलते ग्रामीण 7 अक्टूबर से लगातार विरोध कर रहे हैं। कूड़ा डालने के मुद्दे पर ग्रामीणों और प्रशासन के बीच गतिरोध बना हुआ है।

प्रतापगढ़ प्लांट की क्षमता बढ़ाने की तैयारी

केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने बताया कि सेक्टर-56 के प्रतापगढ़ में प्रतिदिन 500 टन कूड़ा निस्तारण की क्षमता वाला केंद्र बनाया गया है। अब इसकी क्षमता बढ़ाकर 750 टन प्रतिदिन करने की तैयारी है। इसके अलावा मुजेरी में भी 200 टन प्रतिदिन क्षमता वाला कूड़ा निस्तारण प्लांट चल रहा है।

बड़े कलेक्शन पॉइंट पर लगाई जाएंगी मशीनें

मंत्री के अनुसार, शहर में जहां भी बड़े कूड़ा कलेक्शन पॉइंट हैं, वहां कूड़े के निस्तारण के लिए मशीनें लगाई जाएंगी। इससे कूड़े का निस्तारण उसी स्थान पर किया जा सकेगा। इस व्यवस्था से भाखरी में जमा कूड़े को हटाने में मदद मिलने की उम्मीद है। हालांकि, वहां से कूड़ा हटाने का काम कब और कितनी तेजी से शुरू होगा, यह आने वाले दिनों में स्पष्ट होगा।

शहर में रोजाना निकलता है 1,200 टन कूड़ा

फरीदाबाद में रोजाना करीब 1,200 टन कूड़ा निकलता है। बंधवाड़ी में कूड़ा डालने पर रोक लगने के बाद नगर निगम के सामने इसके निस्तारण की समस्या बढ़ गई है। प्रतापगढ़ कूड़ा निस्तारण केंद्र में विधायक के हस्तक्षेप के बाद प्रतिदिन पांच से अधिक ट्रक कूड़ा नहीं डाला जा सकता। वहां पहले से ही कूड़े का बड़ा ढेर लगा हुआ है। नचौली कूड़ा निस्तारण केंद्र की स्थिति भी ऐसी ही बताई जा रही है।