Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की एनआईटी जोन साइबर सेल ने CEIR पोर्टल और डिजिटल ट्रैकिंग की मदद से 9 लाख रुपये से अधिक कीमत के 30 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। डीसीपी एनआईटी उत्तम ने अपने कार्यालय में सभी मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को सौंप दिए।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, मोबाइल फोन की तलाश के लिए साइबर सेल ने केंद्र सरकार के CEIR पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की जांच की। इसके बाद मोबाइल फोन के IMEI नंबर, नेटवर्क की जानकारी और डिजिटल ट्रैकिंग की मदद से उनकी पहचान की गई। अलग-अलग स्थानों पर मोबाइल फोन के इस्तेमाल से जुड़े तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस ने उन्हें बरामद किया।
लंबे समय से अपने मोबाइल फोन वापस मिलने का इंतजार कर रहे लोगों ने फोन मिलने पर खुशी जताई और फरीदाबाद पुलिस का आभार व्यक्त किया।
मोबाइल गुम होने पर तुरंत करें शिकायत
डीसीपी एनआईटी उत्तम ने लोगों से अपील की कि मोबाइल फोन गुम होने पर तुरंत पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं और CEIR पोर्टल पर भी अनुरोध करें। इससे फोन को ब्लॉक कराने और उसकी बरामदगी में मदद मिलती है।
उन्होंने सलाह दी कि लोग अपना IMEI नंबर सुरक्षित रखें। फोन गुम होने पर जरूरत के अनुसार सिम कार्ड ब्लॉक करवाएं, बैंकिंग और ई-मेल खातों की सुरक्षा सुनिश्चित करें तथा संबंधित पासवर्ड बदल दें। पुलिस ने कहा कि नागरिकों की संपत्ति की सुरक्षा के लिए तकनीक की मदद से कार्रवाई जारी रहेगी।

