October 27, 2026

1 नवंबर को रामलीला मैदान में उमड़ेगा जनसैलाब, ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली की तैयारियां तेज: दीपेंद्र हुड्डा

Palwal/Alive News: कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा के नेतृत्व में सोमवार को होडल-हसनपुर क्षेत्र में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत पैदल मार्च निकाला गया। मार्च डॉ. अंबेडकर भवन से होडल एसडीएम कार्यालय तक निकाला गया। इस दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंककर विरोध जताया गया। दीपेंद्र हुड्डा ने दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को होने वाली इंडिया गठबंधन की महारैली की तैयारियों की भी समीक्षा की।

दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि देश में लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए इस महारैली का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा में जनता बदलाव चाहती थी, लेकिन भाजपा ने चुनाव आयोग की मिलीभगत से वोट चोरी कर सरकार बनाई। उन्होंने दावा किया कि हरियाणा में कांग्रेस और भाजपा के बीच केवल 14 हजार वोटों का अंतर था, जबकि पोस्टल बैलेट की गिनती में कांग्रेस 90 में से 75 सीटों पर आगे रही। उन्होंने कहा कि ईवीएम की गिनती के बाद भाजपा ने सरकार बना ली।

उन्होंने आरोप लगाया कि तीन में से दो चुनाव आयुक्तों ने 10 महीने में 14 बार मुख्य चुनाव आयुक्त के फैसलों पर आपत्ति जताई। उनके अनुसार, इससे चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर सवाल उठते हैं। उन्होंने लोगों से 1 नवंबर को दिल्ली पहुंचकर महारैली में शामिल होने की अपील की।

बिजली और किसानों के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा

दीपेंद्र हुड्डा ने हरियाणा सरकार पर बिजली व्यवस्था को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि गुरुग्राम की बिजली व्यवस्था निजी कंपनी को सौंपने से प्रदेश के हित प्रभावित हुए हैं। उन्होंने सरकार से इस मामले में जवाब मांगा।

किसानों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) को लेकर किए गए वादे पूरे नहीं कर रही है। उन्होंने दावा किया कि बाजरे और धान की खरीद में किसानों को घोषित कीमतों के मुकाबले कम दाम मिल रहे हैं।

इस मौके पर पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चौ. उदयभान, विधायक रघुबीर सिंह तेवतिया, जिला कांग्रेस अध्यक्ष नेत्रपाल अधाना सहित कांग्रेस के कई नेता, कार्यकर्ता और विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।