Faridabad/Alive News: कांग्रेस के तत्कालीन प्रदेश प्रवक्ता विकास चौधरी हत्याकांड में वांछित गैंगस्टर नीरज फरीदपुरिया को अमेरिका में हिरासत में लिए जाने की सूचना के बाद फरीदाबाद पुलिस सक्रिय हो गई है। जानकारी के अनुसार, नीरज को गैंगस्टर हिमांशु भाऊ के साथ 22 अक्टूबर को लास वेगास क्षेत्र में अमेरिकी इमिग्रेशन एजेंसी ने हिरासत में लिया। हरियाणा पुलिस और केंद्रीय एजेंसियां दोनों को भारत लाने के लिए अमेरिकी अधिकारियों के संपर्क में हैं। फरीदाबाद पुलिस नीरज के प्रत्यर्पण के लिए पहले ही केंद्रीय गृह मंत्रालय को सिफारिश भेज चुकी है।
एसीपी क्राइम वरुण दहिया ने बताया कि पुलिस को नीरज के हिरासत में लिए जाने की सूचना मिली है। मामले से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है।
25 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज
नीरज फरीदपुरिया के खिलाफ फरीदाबाद, पलवल समेत विभिन्न जिलों में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, अवैध हथियार और रंगदारी जैसे गंभीर अपराधों के 25 से अधिक मामले दर्ज हैं। इनमें फरीदाबाद और पलवल में करीब 12-12 मामले शामिल बताए जा रहे हैं।
2019 में हुई थी विकास चौधरी की हत्या
26 जून 2019 को फरीदाबाद में कांग्रेस के तत्कालीन प्रदेश प्रवक्ता विकास चौधरी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले की जांच के दौरान नीरज फरीदपुरिया का नाम सामने आया था। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) भी अक्टूबर 2022 में फरीदपुर गांव स्थित उसके घर पर छापेमारी कर चुकी है।
एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप
जुलाई 2024 में पलवल में एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया था। आरोप है कि चांदहट गांव निवासी योगेश कुमार को फोन कर एक करोड़ रुपये देने की मांग की गई थी। फोन करने वाले ने खुद को नीरज फरीदपुरिया बताते हुए रकम नहीं देने पर योगेश और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी थी।
हत्या के मामले में हुई थी उम्रकैद
नीरज को वर्ष 2012 में हत्या के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था। वर्ष 2015 में उसे उम्रकैद की सजा सुनाई गई। बाद में वर्ष 2019 में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद वह विदेश चला गया। इसके बाद विकास चौधरी हत्याकांड समेत अन्य मामलों में उसकी तलाश जारी रही।
मकान ढहाने की कार्रवाई भी हुई थी
अक्टूबर 2022 में एनआईए ने फरीदपुर गांव स्थित नीरज के मकान पर छापेमारी की थी। इससे पहले पुलिस और नगर निगम की कार्रवाई में उसका करीब 350 वर्ग गज का मकान ढहा दिया गया था।
मोबाइल दुकान पर फायरिंग का भी आरोप
वर्ष 2024 में पलवल के आगरा चौक स्थित ट्रिपल 9 टेलीकॉम मोबाइल दुकान पर दिनदहाड़े फायरिंग हुई थी। इस वारदात में नीरज फरीदपुरिया के गुर्गों के शामिल होने का आरोप लगा था। बताया गया था कि रंगदारी नहीं देने के कारण दुकान को निशाना बनाया गया था।

