Faridabad/Alive News: मौसम में हो रहे बदलाव का सीधा असर आम जनजीवन और स्वास्थ्य पर दिखने लगा है। फरीदाबाद के जिला नागरिक अस्पताल बीके में इन दिनों मौसमी बीमारियों से पीड़ित मरीजों की संख्या में इजाफा दर्ज किया जा रहा है। अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन औसतन 80 से अधिक मरीज खांसी, सर्दी, जुकाम और हल्के बुखार की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। बदलते तापमान के कारण अस्पतालों में मरीजों की कतारें लंबी होने लगी हैं।
डॉक्टर ने बताया कि मौसम में आ रहे उतार-चढ़ाव के कारण वायरल संक्रमण फैलने का जोखिम काफी बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि इस बदलते मौसम में विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की आवश्यकता है। डॉक्टर के अनुसार, सुबह और शाम के समय हल्की ठंड महसूस होती है, ऐसे में ठंडी हवा के सीधे संपर्क में आने से बचना चाहिए। लोगों को सलाह दी गई है कि वे सुबह-शाम पर्याप्त गर्म कपड़े पहनें, पौष्टिक आहार लें, प्रचुर मात्रा में पानी पिएं और पर्याप्त नींद लें।
सांस लेने में तकलीफ हो तो तुरंत लें डॉक्टरी सलाह
डॉ. मोहित अग्रवाल ने चेतावनी दी कि सामान्य खांसी और जुकाम को नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है। यदि मरीज को बुखार के साथ-साथ सांस लेने में कठिनाई हो रही हो, अत्यधिक शारीरिक कमजोरी महसूस हो या लगातार तेज खांसी आ रही हो, तो इसमें बिल्कुल लापरवाही न बरतें।
उन्होंने सख्त हिदायत दी कि बिना डॉक्टर के परामर्श के मेडिकल स्टोर से खुद दवाइयां लेकर खाना सेहत के लिए खतरनाक हो सकता है। समय रहते अस्पताल पहुंचकर चिकित्सक की सलाह लेना ही सबसे सुरक्षित उपाय है।

