Palwal/AliveNews: सरस्वती महिला महाविद्यालय, पलवल में हरियाणा कला परिषद, कुरुक्षेत्र एवं नृत्यांजलि ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दस दिवसीय हरियाणवी लोक नृत्य कार्यशाला का 23 अक्टूबर 2026 को सफलतापूर्वक समापन हो गया।
हरियाणा कला परिषद के उपाध्यक्ष महेश जोशी के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य प्रदेश की लोक कला और संस्कृति का संरक्षण व प्रचार-प्रसार करना था। कार्यशाला के दौरान प्रशिक्षिका अंजलि भाटी ने छात्राओं को हरियाणवी लोक नृत्य की बारीकियों, पारंपरिक शैलियों एवं भाव-भंगिमाओं का कुशल प्रशिक्षण दिया। लोक नृत्य एवं फोक के क्षेत्र में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाली अंजलि भाटी ने छात्राओं की नृत्य प्रतिभा को निखारने और उन्हें सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने में अहम भूमिका निभाई।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. वंदना त्यागी ने कार्यशाला के सफल आयोजन पर खुशी जताते हुए इसकी सराहना की। उन्होंने कहा कि यह आयोजन छात्राओं के लिए एक महत्वपूर्ण सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक अनुभव सिद्ध हुआ है, जिससे युवाओं में अपनी लोक संस्कृति के प्रति गर्व की भावना मजबूत होगी।

