October 23, 2026

JJP ने स्थापना दिवस कार्यक्रम के लिए कसी कमर, प्रदेशभर में वरिष्ठ नेताओं को सौंपी जिला प्रभारियों की जिम्मेदारी

Chandigarh/Alive News: जननायक जनता पार्टी (JJP) ने आगामी 6 दिसंबर को महेंद्रगढ़ में आयोजित होने वाले अपने स्थापना दिवस कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला के निर्देशों पर प्रदेश के सभी 23 सांगठनिक जिलों में वरिष्ठ नेताओं को जिला प्रभारियों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जेजेपी के कार्यकर्ता और नेता अब गांव-गांव जाकर प्रदेशवासियों को इस स्थापना दिवस समारोह में शामिल होने का न्योता देंगे।

​पार्टी द्वारा जारी सूची के अनुसार पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला को हिसार (सुरेंद्र भागीराम के साथ) और जींद (प्रो. रणधीर चीका के साथ) का जिला प्रभारी बनाया गया है। वहीं जेजेपी प्रदेश अध्यक्ष बृज शर्मा को कैथल और पानीपत का प्रभार सौंपा गया है। भिवानी व महेंद्रगढ़ की कमान दिग्विजय सिंह चौटाला संभालेंगे, जबकि दादरी जिले का प्रभार पूर्व विधायक नैना सिंह चौटाला और राजदीप फौगाट को दिया गया है।​

अन्य जिलों में फरीदाबाद से ऋषिराज राणा व देवेंद्र सरोत, गुरुग्राम से कुलदीप मलिक, दिनेश डागर व तेजपाल डागर (पलवल), रोहतक से अमरजीत ढांडा व रजनी मलिक, और सोनीपत से देवेंद्र कादियान व सुमित राणा को जिला प्रभारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा सिरसा, फतेहाबाद, अंबाला, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, पंचकूला, करनाल, झज्जर, नूंह, रेवाड़ी और हांसी में भी वरिष्ठ पदाधिकारियों की ड्यूटियां लगा दी गई हैं ताकि कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाया जा सके।