Faridabad/Alive News: नंगला एनक्लेव पार्ट-2 में जान से मारने की नीयत से एक घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग करने के सनसनीखेज मामले को फरीदाबाद पुलिस की अपराध शाखा (एवीटीएस) सिकरोना की टीम ने महज़ 24 घंटे में सुलझा लिया है। पुलिस ने वारदात में शामिल दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान हर्ष उर्फ भूरा (22 वर्ष) और रंजित उर्फ चिन्ना (19 वर्ष), निवासी उत्तम नगर पार्ट-2, नंगला गाजीपुर (फरीदाबाद) के रूप में हुई है।सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध) अमन यादव ने प्रेसनोट के जरिए बताया कि 21-22 अक्टूबर 2026 की दरमियानी रात करीब 2:15 बजे थाना सारन क्षेत्र के तहत सुभाष चौक के पास शिकायतकर्ता सरजीत के घर पर 3 राउंड फायर किए गए थे। घटना की शिकायत मिलते ही थाना सारन में हत्या के प्रयास की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध शाखा सिकरौना की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 22 अक्टूबर को ही दोनों दोस्तों को दबोच लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि वर्ष 2025 में आरोपी रंजित का किसी के साथ झगड़ा हुआ था, जिसका वीडियो शिकायतकर्ता के बेटे सचिन ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था। वीडियो डिलीट न करने की रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, दोनों आरोपियों पर पहले भी हत्या के प्रयास का आपराधिक मामला दर्ज है। आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जा रहा है।
फरीदाबाद: घर पर फायरिंग करने वाले 2 शातिर बदमाश गिरफ्तार, रंजिश में दिया था वारदात को अंजाम

