Faridabad/Alive News: सेक्टर-21बी स्थित जीवा पब्लिक स्कूल में दशहरा समारोह उत्साह और सांस्कृतिक उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में फिल्म ‘हनुमान अंश’ की प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर अपनी टीम के साथ शामिल हुईं, जबकि दृष्टिबाधित भजन एवं लोक गायक सुनील लोधी ने अपनी मधुर आवाज में भजन प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। समारोह में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ रावण दहन भी किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने हनुमान चालीसा का पाठ किया। समारोह में विद्यालय के अध्यक्ष ऋषिपाल चौहान, उपाध्यक्ष चंद्रलता चौहान, एकेडमिक हेड मुक्ता सचदेव और प्रधानाचार्या डॉ. नरजीत कौर सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सुनील लोधी के भजनों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया और विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति एवं आध्यात्मिक परंपराओं से जुड़ने का संदेश दिया।
इस अवसर पर सुनील लोधी को फरीदाबाद के रोटरी क्लब, एफएलसीसी और जीवा संस्थान की ओर से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में एफएलसीसी के सांस्कृतिक सचिव विनोद मलिक, कोषाध्यक्ष वासु सत्यार्थी, रोटरी आस्था क्लब के अध्यक्ष उमंग मलिक तथा रोटेरियन राज भाटिया, गौतम मल्होत्रा और मधुसूदन चौहान भी उपस्थित रहे।
अनुप्रिया नागर ने अपने दौरे के दौरान जीवाग्राम का भ्रमण किया और जीवा पब्लिक स्कूल की शिक्षण पद्धति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने जीवाग्राम में आयुर्वेद, योग, ध्यान और त्राटक ध्यान का अनुभव किया। साथ ही, ग्रामीण रसोई के माध्यम से पारंपरिक ग्रामीण जीवनशैली को भी करीब से जाना। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि जीवाग्राम में आयुर्वेद का अनुभव करने के बाद वह तनावमुक्त और नई ऊर्जा से भरपूर महसूस कर रही हैं।
विद्यालय के अध्यक्ष ऋषिपाल चौहान ने कहा कि भारतीय संस्कृति, परंपराओं और जीवन मूल्यों का हमारे जीवन में विशेष महत्व है। उन्होंने इस आयोजन को सांस्कृतिक विरासत और आयुर्वेद की प्राचीन ज्ञान परंपरा से जुड़ने का अवसर बताया। वहीं, मधुसूदन चौहान ने कहा कि बच्चों को अपनी बुद्धि, स्वभाव और प्राकृतिक क्षमताओं को पहचानकर उनके अनुरूप आगे बढ़ना चाहिए। इससे वे जीवन में सफलता की नई ऊंचाइयां हासिल कर सकते हैं।

