October 21, 2026

डबुआ में व्यक्ति पर डंडे और लोहे की रॉड से हमला, तीन और आरोपी गिरफ्तार

फरीदाबाद डबुआ हमला मामले में क्राइम ब्रांच एनआईटी द्वारा गिरफ्तार तीन आरोपी

Faridabad/Alive news: डबुआ थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति पर डंडों और लोहे की रॉड से हमला करने के मामले में क्राइम ब्रांच एनआईटी ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस पहले ही पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक लोहे का सरिया और दो डंडे बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, गाजीपुर रोड, डबुआ निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 13 अक्टूबर की रात वह परचून की दुकान से दूध लेने जा रहा था। इसी दौरान 10 से 15 लोगों ने उस पर डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। शिकायत के आधार पर डबुआ थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।

जांच के दौरान सामने आया कि शिकायतकर्ता सागर की विकास उर्फ मुन्ना और सौरव भाटी के साथ पुरानी रंजिश थी। इसी रंजिश के चलते सौरव ने अभिषेक, विवेक, सौहेल और अन्य लोगों के साथ मिलकर सागर पर हमला किया था।

क्राइम ब्रांच एनआईटी की टीम ने कार्रवाई करते हुए अभिषेक और विवेक निवासी डबुआ कॉलोनी तथा सौहेल निवासी गांव पल्ला को गिरफ्तार किया। पुलिस ने सौहेल से लोहे का सरिया और अभिषेक व विवेक से डंडे बरामद किए हैं। तीनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।