October 17, 2026

2.44 करोड़ रुपये की साइबर ठगी, खाताधारक गिरफ्तार

फरीदाबाद साइबर थाना NIT ने 2.44 करोड़ रुपये की ऑनलाइन निवेश ठगी में खाताधारक भीम शर्मा को गिरफ्तार किया

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में ऑनलाइन निवेश के नाम पर 2 करोड़ 44 लाख 25 हजार रुपये की साइबर ठगी के मामले में साइबर थाना NIT की टीम ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के देवरिया निवासी भीम शर्मा के रूप में हुई है। वह फिलहाल दिल्ली के शाहदरा स्थित गोकलपुरी में रह रहा था। पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पुलिस के मुताबिक, सेक्टर-21 फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 18 मई 2026 को उसने गूगल पर QORA.COM से संबंधित ऑनलाइन निवेश का विज्ञापन देखा था। विज्ञापन पर क्लिक करने के बाद उसके व्हाट्सऐप पर एक अज्ञात नंबर से संदेश आया। संदेश भेजने वाले व्यक्ति ने खुद को निवेश प्लेटफॉर्म का कर्मचारी बताया और उसे निवेश पर ज्यादा मुनाफा कमाने का लालच दिया।

शिकायतकर्ता के अनुसार, ठगों ने जूम मीटिंग के जरिए उससे संपर्क किया और निवेश के लिए एक अकाउंट भी खुलवाया। उनके झांसे में आकर पीड़ित ने 18 मई से 8 जुलाई 2026 के बीच अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 2,44,25,000 रुपये निवेश कर दिए। बाद में ठगी का पता चलने पर उसने साइबर थाना NIT में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने भीम शर्मा को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपने एक जानकार के माध्यम से अपना बैंक खाता ठगों को उपलब्ध कराया था। जांच में सामने आया कि उसके खाते में ठगी की रकम में से 2.5 लाख रुपये आए थे। पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है, ताकि मामले में शामिल अन्य लोगों और ठगी के नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।