October 14, 2026

राहुल कॉलोनी और एनडी पहाड़ी में नार्को डॉग चार्ली के साथ सर्च ऑपरेशन, संदिग्ध मकानों की जांच

फरीदाबाद की राहुल कॉलोनी और एनडी पहाड़ी में नार्को डॉग चार्ली के साथ नशा विरोधी सर्च ऑपरेशन करती HSNCB टीम

Faridabad/Alive News: नशा तस्करी पर रोक लगाने के लिए हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (HSNCB) की फरीदाबाद यूनिट ने 13 अक्टूबर को राहुल कॉलोनी और एनडी पहाड़ी क्षेत्र में विशेष सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान प्रशिक्षित नार्को डॉग चार्ली की मदद से संदिग्ध मकानों और ठिकानों की जांच की गई। टीम ने स्थानीय लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने की अपील भी की।

यूनिट इंचार्ज इंस्पेक्टर संग्राम सिंह के नेतृत्व में टीम ने दोनों क्षेत्रों की गलियों और संदिग्ध स्थानों की तलाशी ली। इस अभियान में नार्को डॉग चार्ली की मदद से उन जगहों की जांच की गई, जहां नशीले पदार्थ छिपाए जाने या नशे से जुड़ी गतिविधियां होने की आशंका थी।

सर्च ऑपरेशन के बाद HSNCB की टीम ने स्थानीय निवासियों से बातचीत कर उन्हें नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के बारे में जानकारी दी। लोगों को बताया गया कि नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री और तस्करी पर NDPS एक्ट के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई हो सकती है। टीम ने अभिभावकों से अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने और नशे के किसी भी संकेत को गंभीरता से लेने की अपील की।

HSNCB ने लोगों से अपील की कि यदि उनके आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री, भंडारण या तस्करी से जुड़ी कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे, तो तुरंत पुलिस या नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो को सूचना दें। विभाग के अनुसार, सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

लोग नशे से संबंधित जानकारी मानस हेल्पलाइन 1933 या HSNCB की ड्रग हेल्पलाइन 90508-91508 पर दे सकते हैं।

इंस्पेक्टर संग्राम सिंह ने बताया कि फरीदाबाद यूनिट नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। नशा तस्करी पर रोक लगाने के लिए तलाशी अभियान और जन-जागरूकता कार्यक्रम जिले के अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में भी जारी रहेंगे।