Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में मोटरसाइकिल चोरी के मामले में अपराध शाखा सेक्टर-56 की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपी की पहचान शिवम निवासी निखिल विहार, इस्माइलपुर, फरीदाबाद के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, सोहिल निवासी हरफला ने शिकायत दी थी कि 14 जून 2026 को उसने अपनी मोटरसाइकिल सीकरी स्थित महाराणा प्रताप सामुदायिक भवन के पास खड़ी की थी। कुछ समय बाद वापस आने पर मोटरसाइकिल वहां नहीं मिली। किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी बाइक चोरी कर ली थी। शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-58 में चोरी की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
मामले की जांच के दौरान अपराध शाखा सेक्टर-56 की टीम ने 13 अक्टूबर को कार्रवाई करते हुए आरोपी शिवम को सेक्टर-56 स्थित मेट्रो फ्लैट के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने 14 जून की रात सामुदायिक भवन के सामने से मोटरसाइकिल चोरी की थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी वेटर का काम करता है और उसके खिलाफ दिल्ली में भी चोरी का मामला दर्ज है।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

