October 10, 2026

फरीदाबाद बाल सुधार गृह से फरार दूसरा किशोर बरेली से पकड़ा गया, तीसरे की तलाश जारी

फरीदाबाद बाल सुधार गृह से फरार किशोर को बरेली से पकड़ने के मामले में पुलिस की कार्रवाई

Faridabad/Alive News: NIT-5 स्थित बाल सुधार गृह से फरार हुए तीन किशोर बंदियों में से एक और को फरीदाबाद पुलिस ने पकड़ लिया है। अपराध शाखा NIT की टीम ने उसे उत्तर प्रदेश के बरेली से काबू किया। इससे पहले एक अन्य फरार किशोर को गुरुग्राम से पकड़ा गया था। अब पुलिस तीसरे किशोर की तलाश में जुटी है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, तीनों किशोर 4 अक्टूबर 2026 को NIT-5 स्थित बाल सुधार गृह से फरार हो गए थे। मामले की जांच और फरार किशोरों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार कार्रवाई कर रही थीं। इसी दौरान अपराध शाखा NIT की टीम ने 10 अक्टूबर को एक किशोर को बरेली, उत्तर प्रदेश से पकड़ लिया।

पुलिस के मुताबिक, पकड़ा गया किशोर वर्ष 2024 में नूंह के थाना शहर क्षेत्र में 10 वर्षीय बच्चे की हत्या के मामले में बाल सुधार गृह में निरुद्ध था।

इससे पहले पुलिस एक अन्य फरार किशोर को गुरुग्राम से पकड़ चुकी है। इस तरह तीन में से दो किशोरों को तलाश लिया गया है, जबकि तीसरे की तलाश अभी जारी है।