Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के गांव फतेहपुर तगा की जोहड़ कॉलोनी में पिस्टल की नोक पर एक व्यक्ति को बंधक बनाकर 1 करोड़ 4 लाख 80 हजार रुपये की नकदी लूटने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने 8 अक्टूबर को कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ा। इनमें से एक आरोपी को फरीदाबाद और तीन को उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के समथला से गिरफ्तार किया गया। पुलिस आरोपियों को चार दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है।
जमीन बेचने से मिली रकम की जानकारी थी
सहायक पुलिस आयुक्त अपराध-2 वरुण कुमार दहिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहुन खान निवासी गांव फतेहपुर तगा, फरीदाबाद, हैदर अली उर्फ इमामुद्दीन निवासी गांव मठेपुर, मोहम्मद आरिफ निवासी गांव डिडौली और मोसीब आलम निवासी गांव फतेहपुर माफी, जिला अमरोहा, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
पुलिस जांच के अनुसार, साहुन खान को जानकारी थी कि शिकायतकर्ता अब्दुल कदीम ने अपनी जमीन बेची थी और उससे मिली नकदी घर में रखी हुई थी। साहुन ने अपने जानकार लियाकत को इसकी जानकारी दी और डकैती की योजना बनाने के लिए कहा। पुलिस के मुताबिक, लियाकत पहले भी डकैती जैसी वारदातों में शामिल रहा है। इसके बाद उसने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई।
मोटरसाइकिल से करवाई घर की रेकी
पुलिस के अनुसार, लियाकत के कहने पर सात लोग आर्टिगा गाड़ी से फतेहपुर तगा पहुंचे। इनमें हैदर अली, आरिफ और मोसीब आलम भी शामिल थे। साहुन ने दो लोगों को मोटरसाइकिल पर बैठाकर शिकायतकर्ता के घर की रेकी करवाई और उन्हें घर में आने-जाने के रास्तों की जानकारी दी।
पुलिस जांच के मुताबिक, 25 और 26 सितंबर 2026 की रात करीब दो बजे आरोपी शिकायतकर्ता के घर पहुंचे। इनमें से पांच लोग घर के अंदर घुसे, जबकि दो अन्य गाड़ी लेकर अलग चले गए। घर में घुसे आरोपियों ने अब्दुल कदीम को बंधक बनाया और नकदी लूटकर फरार हो गए।
हाथ-पैर बांधकर लूटे 1.04 करोड़ रुपये
शिकायतकर्ता अब्दुल कदीम निवासी जोहड़ कॉलोनी, फतेहपुर तगा ने पुलिस को बताया कि 25 सितंबर को उन्होंने अपने पुराने मकान से नए मकान में सामान शिफ्ट किया था। देर रात करीब 2:10 बजे चार से पांच युवक चेहरे ढककर घर में घुस आए। इनमें से एक ने उनकी कनपटी पर पिस्टल लगाकर कमरे की चाबी मांगी। इसके बाद आरोपियों ने उनके हाथ पीछे की ओर बांध दिए और मुंह व पैर भी बांध दिए।
शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने लोहे की रॉड से कमरे और संदूक के ताले तोड़े और घर में रखे 1 करोड़ 4 लाख 80 हजार रुपये लेकर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना धौज में 26 सितंबर को मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। उनसे वारदात में शामिल अन्य लोगों और लूटी गई नकदी के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

