पुरानी कहासुनी की रंजिश में वारदात, चाकू और स्कूटी बरामद
Faridabad/Alive News: बसेलवा कॉलोनी में चाऊमीन की दुकान के बाहर एक युवक पर चाकू से हमला करने के मामले में थाना ओल्ड फरीदाबाद पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तरुण, युवराज उर्फ गडवाली, राहुल उर्फ बुद्धि और अरुण, सभी निवासी बसेलवा कॉलोनी, फरीदाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू और स्कूटी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, न्यू अहिरवाड़ा निवासी शकल देव ने शिकायत दी थी कि उनका बेटा सतीश 6 अक्टूबर की रात करीब 9:45 बजे ट्यूबवेल नंबर-2, बसेलवा कॉलोनी के पास चाऊमीन खाने गया था। इसी दौरान तरुण और युवराज स्कूटी से, जबकि राहुल और अरुण पैदल वहां पहुंचे।
आरोप है कि चारों ने सतीश के साथ मारपीट की और उसके दाएं पैर के कूल्हे पर चाकू से वार कर घायल कर दिया। शिकायत मिलने के बाद थाना ओल्ड फरीदाबाद में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि सतीश की आरोपियों के साथ पहले किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसी पुरानी रंजिश के चलते चारों उसके पास पहुंचे और उसके साथ मारपीट करने लगे। इसी दौरान अरुण ने चाकू से हमला कर सतीश को घायल कर दिया।
पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू और स्कूटी बरामद कर ली। चारों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

