Faridabad/Alive News: नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फरीदाबाद पुलिस ने गांजा बेचने के दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच सेक्टर-16 और सेक्टर-65 की टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों के कब्जे से कुल 1.659 किलोग्राम गांजा बरामद किया है।
क्राइम ब्रांच सेक्टर-16 की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर हर्षित, निवासी गांव खैराणा, रानीखेत, उत्तराखंड, हाल निवासी संगम विहार, दिल्ली को सेक्टर-24-D क्षेत्र से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से 1.151 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में सामने आया कि वह 1.200 किलोग्राम गांजा दिल्ली के मदनपुरी से 20 हजार रुपये में खरीदकर लाया था। आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
वहीं, दूसरे मामले में क्राइम ब्रांच सेक्टर-65 की टीम ने तस्लीम, निवासी गांव धुरावाली, जिला पलवल, हाल निवासी सुंदर कॉलोनी, फरीदाबाद को समयपुर रोड, एनटीपीसी चौक, सुंदर कॉलोनी से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 508 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। फरीदाबाद पुलिस का अवैध नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है।

