October 9, 2026

लक्ष्मण हत्याकांड में दो वांछित आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, अब तक 8 आरोपी पकड़े

Faridabad/Alive News: थाना आदर्श नगर क्षेत्र में 4 अक्टूबर को लक्ष्मण की हत्या के मामले में पुलिस ने दो वांछित आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। अपराध शाखा ऊंचा गांव और अपराध शाखा सेक्टर-65 की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी। पुलिस ने मौके से एक पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तरुण उर्फ नवीन निवासी ऊंचा गांव और जतिन के रूप में हुई है। घायल तरुण को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

सहायक पुलिस आयुक्त अपराध अमन यादव ने बताया कि 4 अक्टूबर को साहूपुरा निवासी अमित ने थाना आदर्श नगर में शिकायत दी थी। शिकायत के अनुसार, लक्ष्मण ने अपने भतीजे महेश को फोन कर बताया था कि सेक्टर-62/64 चौक पर फास्ट फूड की रेहड़ी लगाने वाले कुछ लोग उसके साथ मारपीट कर रहे हैं।

सूचना मिलने पर अमित अपने भाई महेश के साथ मौके पर पहुंचा। वहां करीब 10-12 लोग लक्ष्मण के साथ चाकू और रॉड से मारपीट कर रहे थे। अमित और महेश ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। हमले में गंभीर चोट लगने से लक्ष्मण की मौत हो गई, जबकि महेश घायल हो गया।

मामले की जांच के दौरान अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी। 7 और 8 अक्टूबर की रात पुलिस को सूचना मिली कि हत्याकांड में वांछित तरुण उर्फ नवीन और जतिन मलेरना रोड, सेक्टर-62 स्थित सीवर पाइप के गोदाम के कमरों में छिपे हुए हैं।

सूचना के आधार पर अपराध शाखा ऊंचा गांव और सेक्टर-65 की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर दोनों आरोपी भागने लगे। पुलिस के अनुसार, तरुण उर्फ नवीन ने भागते समय पुलिस टीम पर दो फायर किए। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें तरुण के दाएं पैर में गोली लगी। इसके बाद दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने तरुण के कब्जे से एक पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, हत्या के दौरान तरुण उर्फ नवीन, जतिन और आकाश ने लक्ष्मण पर चाकू से हमला किया था।

पुलिस ने 8 अक्टूबर को मामले में रिंकू, अनूप और राजीव निवासी ऊंचा गांव को भी गिरफ्तार किया है। इससे पहले प्रशांत, नमन और आकाश को 5 अक्टूबर को गिरफ्तार किया जा चुका था। इस तरह लक्ष्मण हत्याकांड में अब तक कुल 8 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।