October 8, 2026

फरीदाबाद में रोटी ऑर्डर को लेकर होटल संचालक पर चाकू से हमला, 2 आरोपी गिरफ्तार

फरीदाबाद में होटल संचालक पर चाकू से हमला करने के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के सोहना रोड पर रोटी का ऑर्डर देने को लेकर हुए विवाद में होटल संचालक के साथ गाली-गलौच, मारपीट और चाकू से हमला करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस चौकी संजय कॉलोनी की टीम ने इस्लाम निवासी जीवन नगर, फरीदाबाद और निसार निवासी साहपुर, मुजफ्फरपुर, बिहार, हाल निवासी संजय कॉलोनी, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया। दोनों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, जीवन नगर पार्ट-2 निवासी मौहसिम सोहना रोड पर ‘सिकंदराबाद चिकन’ नाम से होटल चलाता है। 4 अक्टूबर की शाम करीब 7:30 बजे अनवर, उसका भाई अकबर, इस्लाम और निसार होटल पर पहुंचे और रोटी का ऑर्डर दिया।

होटल संचालक ने रोटी तैयार होने में 5-7 मिनट लगने की बात कही। आरोप है कि इस पर अनवर ने मौहसिम के साथ गाली-गलौच शुरू कर दी और उसके पेट व हाथ पर चाकू से वार कर दिया। इस दौरान इस्लाम और निसार ने भी मौहसिम के साथ मारपीट की। उसे बचाने पहुंचे उसके भाई मोसिम के साथ भी मारपीट की गई।

शिकायत के आधार पर थाना मुजेसर में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस चौकी संजय कॉलोनी की टीम ने जांच शुरू कर दोनों आरोपियों इस्लाम और निसार को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि रोटी तैयार होने में समय लगने की बात को लेकर होटल संचालक और आरोपियों के बीच कहासुनी हुई थी। इसी दौरान अनवर निसार की दुकान से चाकू लेकर आया। आरोप है कि अकबर ने मौहसिम को पकड़ लिया और अनवर ने उस पर चाकू से हमला किया। पुलिस के अनुसार, इस्लाम और निसार ने भी मौहसिम के साथ मारपीट की। निसार की होटल के पास ही मीट की दुकान है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।