Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के NIT-1 स्थित V2 कॉम्प्लेक्स के सामने युवक पर गोली चलाने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गर्व भाटिया और हिमांक भाटिया उर्फ हन्नी निवासी NIT-1, फरीदाबाद के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, गांव सारन के जाटव मोहल्ला निवासी विवेक ने शिकायत दी थी कि 2 अक्टूबर 2026 की सुबह वह अपने दोस्तों प्रथम, हरमन और कृष्ण कान्त के साथ NIT-1 स्थित V2 कॉम्प्लेक्स के सामने नंबर-1 मार्केट में गया था। विवेक और उसका दोस्त हरमन कार से उतरकर दुकान की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वहां पहले से खड़ी कार में बैठे गर्व भाटिया ने विवेक को आवाज देकर बातचीत शुरू की।
शिकायत के मुताबिक, इसी दौरान नूर नाम के युवक ने पीछे से विवेक का कॉलर पकड़ लिया और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर नूर ने पिस्तौल निकालकर विवेक पर गोली चला दी। गोली विवेक को नहीं लगी और सड़क पर जा लगी। इसके बाद सड़क से टकराकर गोली हिमांक भाटिया उर्फ हन्नी के पैर में जा लगी। इसी दौरान जतिन भाटिया मौके पर पहुंचा और विवेक के दोस्त हरमन के साथ मारपीट की।
शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने गर्व भाटिया और हिमांक भाटिया उर्फ हन्नी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गर्व भाटिया और विवेक की पहले से जान-पहचान थी। दोनों के बीच बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर बहस हो गई थी। इसी दौरान नूर वहां पहुंचा और विवेक पर फायर कर दिया। गोली विवेक को न लगकर सड़क से टकराते हुए हिमांक भाटिया उर्फ हन्नी के पैर में जा लगी। इसके बाद विवेक मौके से भाग गया और गर्व, हिमांक, नूर तथा जतिन ने उसके दोस्त हरमन के साथ मारपीट की।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, नूर और जतिन भाटिया को 2 अक्टूबर को एक अन्य आर्म्स एक्ट के मामले में पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। उस मामले में उनके कब्जे से दो पिस्टल और तीन कारतूस बरामद किए गए थे।

