Faridabad/Alive News: साइबर थाना NIT की टीम ने इंस्टाग्राम पर गिफ्ट भेजने के नाम पर ठगी करने के मामले में एक खाताधारक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हरिराम माली निवासी सवाई माधोपुर, राजस्थान के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, NIT फरीदाबाद निवासी एक महिला ने शिकायत दी थी कि 6 सितंबर को उसने इंस्टाग्राम पर गिफ्ट से जुड़ा एक विज्ञापन देखा था। विज्ञापन पर क्लिक करने के बाद WhatsApp चैट खुल गई। इसके बाद ठगों ने गिफ्ट भेजने के नाम पर महिला से अलग-अलग तरीके से 37,944 रुपये ठग लिए। पैसे देने के बाद न तो महिला को गिफ्ट मिला और न ही उसके पैसे वापस किए गए। शिकायत के आधार पर साइबर थाना NIT में मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने हरिराम को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि हरिराम इस मामले में खाताधारक है और उसने अपना बैंक खाता ठगों को दे रखा था। उसके खाते में ठगी की रकम में से 32,000 रुपये आए थे।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी 10वीं पास है और हस्तशिल्प का काम करता है। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

