October 4, 2026

बीके अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन खराब, गर्भवती महिलाएं परेशान

Faridabad/Alive News: बीके नागरिक अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन एक महीने से अधिक समय से खराब पड़ी है। इससे गर्भवती महिलाओं को जांच कराने में परेशानी हो रही है। अस्पताल में रोजाना करीब 40 गर्भवती महिलाओं के अल्ट्रासाउंड किए जाते हैं। मशीन खराब होने के कारण अब उन्हें जांच के लिए निजी अस्पतालों और लैब का रुख करना पड़ रहा है।
निजी केंद्रों पर अल्ट्रासाउंड कराने में करीब 1500 से 2000 रुपये तक खर्च हो रहे हैं। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। गर्भवती महिलाओं का कहना है कि सरकारी अस्पताल में कम खर्च में इलाज और जांच की सुविधा मिलने की उम्मीद रहती है। ऐसे में जरूरी जांच के लिए बाहर जाना परेशानी बढ़ा रहा है।

मरीजों के अनुसार, गर्भावस्था के दौरान समय-समय पर अल्ट्रासाउंड की जरूरत पड़ती है। निजी केंद्र तक जाने में जांच के खर्च के अलावा आने-जाने का खर्च भी उठाना पड़ता है। महिलाओं ने अस्पताल प्रबंधन से मशीन को जल्द ठीक कराकर नियमित अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू करने की मांग की है।