October 3, 2026

सड़क सुरक्षा को लेकर ट्रैफिक पुलिस और रोड सेफ्टी संगठनों की बैठक, अंडरएज ड्राइविंग पर सख्ती के निर्देश

फरीदाबाद में रोड सेफ्टी संगठनों के साथ ट्रैफिक पुलिस की बैठक

Faridabad/Alive News: सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस ने रोड सेफ्टी ऑर्गेनाइजेशन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक की अध्यक्षता डीसीपी ट्रैफिक एवं डीसीपी एनआईटी उत्तम आईपीएस ने की। इस दौरान शहर में सड़क सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं और उनके समाधान पर चर्चा की गई।

बैठक में रोड सेफ्टी संगठनों के प्रतिनिधियों ने दुर्घटना संभावित स्थानों, ट्रैफिक जाम, गलत दिशा में वाहन चलाने, अवैध पार्किंग, ऑटो स्टैंड, पैदल यात्रियों की सुरक्षा सहित कई मुद्दों पर अपने सुझाव दिए। बैठक में एसीपी ट्रैफिक शैलेंद्र सिंह एचपीएस, रोड सेफ्टी सेल प्रभारी निरीक्षक राजेश और ट्रैफिक पुलिस के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

डीसीपी उत्तम ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को कम करना ट्रैफिक पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए पुलिस कार्रवाई के साथ सामाजिक संगठनों, स्कूलों, औद्योगिक इकाइयों और आम लोगों के साथ मिलकर जागरूकता अभियान चलाएगी।

बैठक में स्कूलों के आसपास अंडरएज ड्राइविंग पर भी विशेष चर्चा हुई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नाबालिग छात्र के दोपहिया या चारपहिया वाहन चलाते पाए जाने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। वाहन मालिक या अभिभावक के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। स्कूल प्रबंधन को विद्यार्थियों और अभिभावकों को अंडरएज ड्राइविंग के नुकसान के बारे में जागरूक करने के निर्देश दिए गए।

पुलिस के अनुसार, सितंबर माह में सड़क सुरक्षा को लेकर 20 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें विद्यार्थियों, अभिभावकों, पैदल यात्रियों, ऑटो चालकों, वाणिज्यिक वाहन चालकों और आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।

ट्रैफिक पुलिस और रोड सेफ्टी संगठनों ने आगे भी मिलकर सड़क सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर काम करने और जागरूकता कार्यक्रमों को बढ़ाने पर सहमति जताई। पुलिस के अनुसार, यातायात संबंधी सहायता या सूचना के लिए ट्रैफिक कंट्रोल रूम नंबर 0129-2267201 और आपातकालीन सेवा डायल-112 पर संपर्क किया जा सकता है।