October 3, 2026

स्वास्थ्य विभाग ने बढ़ाई निगरानी, घर-घर पहुंचकर एंटी लार्वा गतिविधियां कर रहीं टीमें

Faridabad/Alive News: मौसम में बदलाव के बीच जिले में बुखार के मरीजों पर स्वास्थ्य विभाग की निगरानी बढ़ा दी गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि बुखार को सामान्य मानकर नजरअंदाज न किया जाए। जिले में डेंगू के चार नए मरीज मिलने के बाद कुल संख्या 25 पहुंच गई है। वहीं, स्वाइन फ्लू के 22 और मलेरिया के तीन मरीज भी सामने आ चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग अब बुखार से पीड़ित मरीजों के रक्त के नमूनों की जांच पर विशेष जोर दे रहा है, ताकि डेंगू और मलेरिया की समय पर पहचान हो सके।

चार नए डेंगू मरीजों का निजी अस्पतालों में उपचार चल रहा है। मरीजों की पुष्टि के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमें उनके घर और आसपास के क्षेत्रों में पहुंचीं। टीमों ने संभावित मच्छर प्रजनन स्थलों की जांच की और जहां लार्वा मिला, उसे मौके पर ही नष्ट कराया। इसके अलावा आसपास के लोगों को मच्छरों से बचाव और घरों में पानी जमा नहीं होने देने के लिए जागरूक किया गया।

संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी

स्वास्थ्य विभाग की टीमें संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी कर रही हैं। घरों और आसपास के स्थानों की जांच के दौरान कूलर, पानी की टंकियों, गमलों और अन्य जगहों पर जमा पानी की जांच की जा रही है। जहां मच्छरों का लार्वा मिलता है, वहां एंटी लार्वा गतिविधियां कर उसे नष्ट कराया जा रहा है।

बुखार को न करें नजरअंदाज

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जयंत आहूजा ने बताया कि बुखार डेंगू या मलेरिया समेत कई बीमारियों का लक्षण हो सकता है। इसलिए बुखार से पीड़ित मरीज के रक्त के नमूने की जांच कराई जा रही है। समय पर बीमारी की पहचान होने से उपचार शुरू किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से घरों और आसपास पानी जमा नहीं होने देने तथा मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की।