October 3, 2026

फरीदाबाद में 200 किलो गंधक और 2296 किलो पोटैशियम नाइट्रेट बरामद, आरोपी गिरफ्तार

फरीदाबाद बल्लभगढ़ में गंधक और पोटैशियम नाइट्रेट बरामद

Faridabad/Alive News: क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 ने बल्लभगढ़ की मुकेश कॉलोनी में कार्रवाई करते हुए पटाखों में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की बड़ी खेप बरामद की है। पुलिस ने एक कमरे से करीब 200 किलोग्राम गंधक और 2296 किलोग्राम पोटैशियम नाइट्रेट बरामद किया है। मामले में मुकेश कॉलोनी निवासी पुनीत को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 2 अक्टूबर को क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम बल्लभगढ़ अनाज मंडी क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि मुकेश कॉलोनी में एक व्यक्ति ने कमरे में बड़ी मात्रा में संदिग्ध सामग्री रखी हुई है। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पुनीत को उसके घर के पास से काबू किया।

पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के बाद उसके बताए स्थान पर स्थित कमरे की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वहां से करीब 200 किलो गंधक और 2296 किलो पोटैशियम नाइट्रेट बरामद हुआ। पुलिस ने सामग्री को कब्जे में लेकर मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह यह सामग्री उत्तर प्रदेश के हाथरस से पटाखों के लिए लेकर आया था। पुलिस अब सामग्री की खरीद, आपूर्ति और इसके संभावित इस्तेमाल से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, जांच में आरोपी का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान पुलिस सामग्री के स्रोत और इससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।