Faridabad/Alive News: अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच AVTS सिकरोना की टीम ने एक आरोपी को देसी पिस्टल, 20 जिंदा कारतूस और 3 खाली खोल के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सेक्टर-15 निवासी योगेश के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 2 अक्टूबर को क्राइम ब्रांच AVTS सिकरोना की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति अवैध हथियार लेकर सेक्टर-15 क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर टीम ने कार्रवाई करते हुए योगेश को काबू कर लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देसी पिस्टल, 20 जिंदा कारतूस और 3 खाली खोल बरामद किए। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने यह हथियार सरफाबाद, उत्तर प्रदेश में एक अफ्रीकी मूल के व्यक्ति से 2.50 लाख रुपये में खरीदा था।
प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस के अनुसार आरोपी हथियार को दिखावे के लिए लेकर आया था। आरोपी ने पिस्टल की जांच करने के लिए तीन राउंड जमीन पर चलाए थे। पुलिस ने मौके से इन राउंड के खाली खोल भी बरामद किए हैं।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान पुलिस हथियार की खरीद-फरोख्त, हथियार उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों के बारे में पूछताछ कर रही है।

